slaughter house sealed
- फोटो : concept photo
हरिद्वार जिले के मंगलौर में बन रहे स्लॉटर हाउस का मामला कई रोज से सुर्खियों में था। हरिद्वार जिले के भाजपा विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, संजय गुप्ता ने सबसे पहले इसके विरोध में अपने स्वर बुलंद किए। बाद में भाजपा के ही विधायक सुरेश राठौर, कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और प्रदीप बत्रा ने भी इस स्लॉटर हाउस की मुखालफत शुरू कर दी।
इसी बीच कांग्रेस विधायक काजी निजामुद्दीन ने भाजपा विधायकों को ललकारने वाले अंदाज में कहा कि हिम्मत है तो अपनी सरकार से बात करें। काजी ने साफ कहा कि इसी सरकार के समय में इस स्लॉटर हाउस को न केवल मंजूरी मिली, बल्कि जून-2017 में इसके लिए पैसा भी जारी कर दिया गया।
इस स्लॉटर हाउस के विरोध में कई सामाजिक संगठनों ने भी सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी थी। शुक्रवार को धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने भी स्लॉटर हाउस निर्माण को देवभूमि की संस्कृति के खिलाफ बताया था। सीएम के स्लॉटर हाउस की मंजूरी को निरस्त करने के फैसले से हरिद्वार जिले के विधायक खासे गदगद हैं। इन विधायकों ने सीएम का स्वागत फूलों की बारिश से करने का एलान किया है।
महाराज ने जताया सीएम का आभार
धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने स्लॉटर हाउस निरस्त करने के फैसले का स्वागत कर सीएम के प्रति आभार जताया। उनका का कहना है कि उत्तराखंड एक देवभूमि है। यहां पर किसी का खून नहीं बहना चाहिए। इस लिहाज से देखा जाए तो सीएम ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए उचित कदम उठाया हैं।