खनन कारोबार से आमदनी बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने भूतत्व व खनिकर्म इकाई के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने का फैसला किया है। इस कड़ी में सरकार ने इकाई की कमान अब आईएएस अफसर के हाथों में सौंपने का फैसला किया है।
मंगलवार को प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में इकाई के संरचनात्मक ढांचे में दो अहम पदों को सृजित किया गया। अब इकाई में महानिदेशक का नया पद बनाया गया है। अभी तक इकाई की कमान निदेशक के हाथों में थी। लेकिन महानिदेशक पद आईएएस संवर्ग के लिए रखा गया है।
इसके अलावा कुमाऊं मंडल स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में संयुक्त निदेशक (खनन) के नए पद सृजित करने को भी मंजूरी दी गई है। विभाग में एक निदेशक, एक अपर निदेशक, एक संयुक्त निदेशक, छह उपनिदेशक, 12 सहायक भू वैज्ञानिक, एक संयुक्त निदेशक, मुख्य खान अधिकारी, तीन ज्येष्ठ खान अधिकारी और छह खान अधिकारी के पद पहले से हैं।
हर साल पूरा नहीं हो पाता है कमाई का लक्ष्य
वर्ष राजस्व लक्ष्य प्राप्त लक्ष्य
2017-18 620 440
2018-19 750 480
2019-20 750 396
2020-21 750 506
2021-22 750 104.92
नोट- लक्ष्य करोड़ में और 2021-22 का डाटा जुलाई तक का।