उत्तराखंड के चुनावी मैदान में किस्मत आजमा रहे 23 प्रत्याशियों के नामांकन शनिवार को विभिन्न कारणों से खारिज कर दिए गए। 727 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र वैध पाए गए। फिलहाल अभी उम्मीदवारों के लिए नाम वापसी का विकल्प बचा हुआ है। शनिवार को गढ़वाल मंडल के सात जिलों में 13 और कुमाऊं मंडल के छह जिलों में 10 नामांकन रद्द हुए।
देहरादून में सबसे ज्यादा उम्मीदवार, धर्मपुर विधानसभा शीर्ष पर
जिलावार देखें तो देहरादून में सबसे ज्यादा उम्मीदवार हैं। यहां स्क्रूटनी के बाद 141 उम्मीदवार चुनावी मैदान में बचे हैं। देहरादून की धर्मपुर विधानसभा सीट पर सबसे ज्यादा 20 उम्मीदवार मैदान में उतरे हैं। जबकि देहरादून की ही डोईवाला सीट पर 19 उम्मीदवार मैदान में उतरे हैं। सबसे कम उम्मीदवारों के नजरिए से देखें तो चंपावत में 15 उम्मीदवार मैदान में उतरे हैं। दूसरा सबसे कम प्रत्याशियों वाला जिला बागेश्वर है, जिनमें 17 उम्मीदवार मैदान में हैं।
पौड़ी जिले में सबसे ज्यादा नामांकन हुए रद्द
पौड़ी गढ़वाल जिले की छह विधानसभा सीटों पर सबसे ज्यादा पांच नामांकन रद्द हुए। यमकेश्वर, पौड़ी, श्रीनगर, चौबट्टाखाल और कोटद्वार में एक-एक नामांकन रद्द हुआ। पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा में एक-एक नामांकन रद्द हुए।