उत्तराखंड की सत्ता पर काबिज होने के लिए पार्टी से लेकर प्रत्याशी तक जी जान से जुट गए हैं। जनता जनार्दन के बीच में जाने और उन्हें रिझाने के लिए हर किसी के पास जन सरोकार के नाम पर कुछ न कुछ है। कोई रिवर्स पलायन तो कोई शिक्षा से लेकर रोजगार तक की बात कर रहा है।
अपने मुद्दे और अपनी बात लोगों तक पहुंचाने के लिए किसी ने हाईटेक माध्यम को चुना है तो किसी ने पूरी की पूरी टीम प्रचार अभियान में लगा दी है। जहां तक भाजपा और कांग्रेस की बात है तो इस बार प्रचार अभियान टीम पीके बनाम टीम शाह रहने वाला है। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने प्रचार की कमान पूरी तरह अपने हाथ में रखी है। सुनियोजित ढंग से टीम शाह तीसरे और अंतिम चरण का प्रचार अभियान लांच कर रही है।
पीएम नरेंद्र मोदी जैसे बड़े स्टार के साथ गृहमंत्री राजनाथ, वित्त मंत्री अरुण जेटली, रक्षा मंत्री मनोहर परिकर जैसे चेहरे भाजपा प्रचार में उतारेगी। वहीं कांग्रेस की रणनीति सीएम हरीश रावत के इर्द-गिर्द ही बुनी जाएगी। टीम पीके भाजपा पर परिवारवाद, मोदी कांग्रेस और नोटबंदी जैसे मुद्दे को गर्माने की रणनीति पर काम कर रही है। कांग्रेस के प्रचार रथों के बाद भाजपा ने एलईडी के सजे अपने रथ भी प्रचार अभियान के लिए रवाना कर दिए हैं। उधर सपा, बसपा, उक्रांद के अलावा अन्य दलों के प्रत्याशी स्टार प्रचारकों के भरोसे दिख रहे हैं...
मोदी मंत्र जपेगी भाजपा
वाराणसी को मोदी का तोहफा
- फोटो : self
भाजपा ने पहले दो चरणों के प्रचार अभियान से साफ कर दिया है कि केंद्र के सुशासन की दुहाई देकर वह मोदी मंत्री के सहारे प्रचार अभियान में उतरने जा रही है। इसमें उत्तराखंड निर्माण में अटल जी के योगदान के सेंटीमेंट की भी छौंक लगाई गई है।
सुशासन की बैसाखी थाम कर सीएम हरीश रावत को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा जमकर कोसेगी। केंद्रीय नेतृत्व की ओर से जारी गाइडलाइन में पोस्टरों पर अटल, मोदी और शाह के बड़े चेहरों के नीचे छोटे साइज में प्रदेश के नेताओं के चेहरे चस्पा रहेंगे। सर्जिकल स्ट्राइक, नोटबंदी, उज्जवला, जनधन जैसी योजनाओं प्रचार रथों की एलईडी पर मोदी सरकार का गुणगान करेगी, तो हरीश रावत को घेरने के लिए स्टिंग आपरेशन नए वाइस ओवर के साथ रिलीज होगा।
भाजपा का प्रचार न केवल केंद्र के मॉडल के ईर्द-गिर्द है, बल्कि वोटरों के बीच सीएम की जगह पीएम को चेहरा दिखाया जा रहा है। चुनाव प्रचार अभियान का फार्मूला पिछले चुनावों से अलग है। भाजपा चुनाव को केंद्र बनाम भ्रष्टाचार करने जा रही है। पार्टी ने स्टिंग आपरेशनों के अलावा खनन, आबकारी, आपदा, पुनर्वास और रोजगार के क्षेत्र को फोकस कर वीडियो तैयार करवाए हैं।
विकास के मुद्दे पर रावत सरकार को केंद्र सरकार की फंडिंग पर घेरा जाना है। वर्ष 2000 से अब तक के सफर में पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी के राज्य के गठन के निर्णय के साथ औद्योगिक और इकोनॉमिक पैकेज का श्रेय लिया जाएगा, पीएम मोदी के पर्वतीय राज्यों को विशेष श्रेणी में शामिल करने के फैसले को प्रचारित किया जाना है। ‘वाजपेयी ने बनाया और मोदी संवारेंगे’ का नारा तीसरे चरण में सर्वाधिक गूंजेगा।
पीएम रहेंगे स्टार प्रचारक
भाजपा के स्टार प्रचारकों में पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सबसे बड़ा चेहरा रहेंगे। पीएम की उत्तराखंड में हरिद्वार, ऊधमसिंहनगर और दूसरी अल्मोड़ा में रैलियां हो सकती हैं, हालांकि प्रदेश संगठन ने चार का प्रस्ताव दिया है।
केंद्रीय मंत्रियों में गृह, रक्षा, वित्त, स्वास्थ्य आदि रहेंगे, जबकि फिल्मी चेहरों के तौर पर सांसद हेमामालिनी, सन्नी द्योल, अर्जुन रामपाल रहेंगे। साथ ही प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्रियों के अलावा सांसद भी स्टार लिस्ट में शामिल होंगे।
सोशल मीडिया पर कसी कमर
भाजपा को युवा वोटरों से जुड़ने के लिए अपने सोशल मीडिया प्रचार सेल पर भरोसा है। लगभग डेढ़ हजार व्हाट्सएप ग्रुप अधिकारिक तौर पर पार्टी प्रदेश में चला रही है। अधिकारिक फेसबुक वेबसाइट के अलावा डमी साइट्स पर भी वीडियो अपलोड किये जा रहा है।
चुनावी अभियान पर रायशुमारी अलग से फेसबुक साइट कर रही है। इसके अलावा ट्विटर पर भी केंद्रीय सोशल मीडिया की ओर से जारी होने वाले वेबपोस्ट्स को प्रचारित किया जा रहा है।
पोस्टर होर्डिंग और बैनर वॉर
JP NADDA
भाजपा के प्रचार का सबसे तीखा हमला पोस्टरों, होर्र्डिंग और बैनरों में दिये नारों से होना है। इसके लिए पार्टी केंद्रीय स्तर पर फैसले ले रही है। उत्तराखंड आने वाले छोटे बैनर से लेकर आदम कद होर्डिंग में किसका चेहरा जाना है यह दिल्ली में तय हो रहा है।
पूर्व सीएम बीसी खंडूड़ी, रमेश पोखरियाल निशंक, विजय बहुगुणा, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, नेता सतपाल महाराज के चेहरे को हरिद्वार और गढ़वाल में प्रमुखता दी जाएगी, जबकि कुमाऊं में पूर्व सीएम भगत सिंह कोश्यारी, राज्य मंत्री अजय टम्टा, यशपाल आर्य के चेहरों का इस्तेमाल किया जाएगा।
यह चुनाव विकास बनाम भ्रष्टाचार है। भाजपा का राज्य गठन से लेकर उसके विकास में अहम रोल रहा है। चुनाव प्रचार में पीएम और राष्ट्रीय अध्यक्ष, वित्त मंत्री अरुण जेटली, गृह मंत्री राजनाथ सिंह सभी शामिल होंगे। प्रचार रथों के माध्यम से जनता के बीच कांग्रेस के भ्रष्टाचार के साथ भाजपा के सुशासन और विकास को प्रचारित किया जाएगा।
- जेपी नड्डा, उत्तराखंड चुनाव प्रभारी, भाजपा