15 लाख परिवारों को दो साल उपलब्ध कराया मुफ्त राशन
उन्होंने कहा प्रदेश की हमारी सरकार ने कोरोना महामारी में बेहतर और शत प्रतिशत टीकाकरण करते हुए लोगों की जान बचाने का काम किया है। कोरोना काल में प्रदेश के 15 लाख परिवारों को दो साल तक मुफ्त राशन उपलब्ध कराया गया। उज्ज्वला योजना के तहत राज्य में 4.25 लाख गैस कनेक्शन निशुल्क दिए गए। संपत्ति में प्रदेश की आधी आबादी, महिलाओं को पूरा अधिकार दिलाया, साथ ही मातृ शक्ति को ब्याजमुक्त ऋण की योजना शुरू की गई। केंद्र की मदद से राज्य सरकार ने सड़क, रेल और हवाई मार्गों का जाल बिछाकर आधारभूत ढांचा मजबूत करते हुए प्रदेश को आज आर्थिक विकास के हाइवे पर पहुंचा दिया है।
सैनिकों को आतंकवादी कहने वाली कांग्रेस कर रही ढोंग- निशंक
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तराखंड सैनिक प्रदेश है, लेकिन अपने जवानों के लिए एक भी बड़ा काम न करने वाली कांग्रेस आज सैनिक प्रेमी होने का मुखौटा लगाकर जनता के बीच जा रही है। वहीं मोदी सरकार में 40 वर्षों से लटकी पूर्व सैनिकों की वन रैंक वन पेंशन की मांग को पूरा किया। पांचवें धाम के रूप में सैन्य धाम की स्थापना की। दूसरी ओर, उत्तराखंड की शान और दिवंगत जनरल विपिन रावत को अपशब्द कहने वाली, वीर जवानों को आतंकवादी और बलात्कारी तक कहने वाली कांग्रेस अब उत्तराखंड में सैनिकों की हितैषी बनने का ढोंग कर रही है। प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी, महिला मोर्चे की राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ति रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र भसीन, मनबीर सिंह, विपिन कैंतुरा आदि मौजूद रहे।
असंतुष्टों को मनाया, नाम वापस कराया
डोईवाला विधानसभा से निर्दलीय ताल ठोकने वाले असंतुष्ट पूर्व भाजयुमो अध्यक्ष सौरभ थपलियाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुभाष भट्ट और पूर्व प्रधान राहुल पंवार भी पूर्व सीएम निशंक की प्रेस वार्ता में मौजूद रहे। डॉ. निशंक ने बताया कि इन्होंने नाम वापस ले लिए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि हरिद्वार से जय भगवान सैनी, रुड़की से टेक बल्लभ और नितिन शर्मा समेत अनेक प्रत्याशियों ने भाजपा के पक्ष में नाम वापस लिया है।
पोल नहीं खोल पा रही भाजपा
भाजपा पिछले कई दिनों से अपनी प्रेसवार्ता में एक पोल खोल वीडियो जारी करने का दावा कर रही है। सोमवार को भी जब प्रेस वार्ता का निमंत्रण मीडिया में भेजा गया तो उसमें बताया गया कि एक पोल खोल वीडियो भी जारी किया जाएगा। लेकिन एन मौके पर इसे फिर रोक दिया गया। भाजपा की पोल खोल वीडियो तो जारी नहीं हो पा रही, लेकिन इसे जारी न होने को लेकर चर्चाओं का बाजार गरम है।
उत्तराखंड चुनाव 2022: हरीश रावत ने खेली कबड्डी तो फुटबॉल खेल रहे बच्चों के बीच पहुंचे सीएम, तस्वीरें
भाजपा 60 से अधिक सीटें लाकर लहराएगी परचम
रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि इस बार उत्तराखंड में 60 से अधिक सीटें लाकर भाजपा अपना परचम लहराएगी। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हर तरफ विकास की लहर चल रही है। इससे साफ हो चुका है कि भाजपा की सरकार ही एक ऐसी सरकार है जो विदेशी ताकतों से लड़ने का काम कर सकती है।