उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण मंगलवार को राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए भराड़ीसैंण(गैरसैंण) विधानसभा भवन पहुंचीं। इस मौके पर कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
विधान सभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी का मानना है कि गैरसैंण में स्थित विधान सभा भवन में समय-समय पर प्रशिक्षण, कार्यशाला, सेमीनार और अन्य गतिविधियों का संचालन करना चाहिए। ताकि परिसंपत्ति का सही इस्तेमाल होने के साथ ही इसके अनुरक्षण के लिए धनराशि मिल जाए। साल भर यहां कुछ न कुछ गतिविधियां संचालित होने से क्षेत्र में संसाधनों का विकास भी होगा और स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा।
राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रम में प्रतिभाग करने जा रही विधानसभा अध्यक्ष ने कुछ देर श्रीनगर में विश्राम किया। यहां पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि गैरसैंण में धीरे-धीरे सुनियोजित ढंग से ढांचागत विकास होना चाहिए। वहां विधानसभा सत्र होने चाहिए। सरकारी विभाग हो या प्राइवेट संस्थान, उन्हें गैरसैंण में कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रेरित करना चाहिए। इससे गैरसैंण मेें जो भवन बने हैं, उनका हम अच्छी तरह से इस्तेमाल कर पाएंगे।