शोध के नाम पर फर्जीवाड़ा करने वाले उत्तराखंड के 20 रिसर्च जर्नल को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने अपनी सूची से बाहर कर दिया है।
देशभर में तमाम नामी-गिरामी विश्वविद्यालयों और संस्थानों के ऐसे 4305 रिसर्च जर्नल पर यूजीसी ने इस तरह की कार्रवाई की गई है। अब इनमें प्रकाशित कोई भी शोध मान्य नहीं होगा और न ही उनके आधार पर कोई लाभ मिलेगा। अभी देशभर में 105 रिसर्च जर्नल की जांच जारी है। पहली बार यूजीसी ने इतने बड़े पैमाने पर रिसर्च जर्नल को बाहर का रास्ता दिखाया है।
यूजीसी ने हाल ही में 4305 जर्नल की सूची जारी की है। ये शोध पत्र-पत्रिकाएं तमाम विश्वविद्यालयों से प्रकाशित होती हैं। यूजीसी ने जब जांच की तो इनके तथ्य गलत पाए गए। इन शोध पत्र-पत्रिकाओं में आधी-अधूरी सूचनाएं प्रकाशित हो रही हैं। गुणवत्ता के साथ ही इनके दावे भी गलत निकले हैं।
यूजीसी के मुताबिक, उत्तराखंड में जो रिसर्च जर्नल सूची से बाहर किए गए हैं, उनमें कई तो ऐसे हैं, जो लंबे समय से प्रकाशित हो रहे हैं। यूजीसी अभी 105 और रिसर्च जर्नल की जांच कर रहा है। जांच के बाद इनमें से भी कुछ सूची से बाहर हो सकते हैं। सूची से बाहर होने वाले रिसर्च जर्नल में न केवल भारतीय, बल्कि कई विदेशी रिसर्च जर्नल के नाम भी शामिल हैं।
क्या होता है शोध पत्र का फायदा
शिक्षकों के प्रमोशन के लिए यूजीसी ने जो गाइडलाइन जारी की हुई है, उसमें एकेडमिक परफॉर्मेंस इंडिकेटर (एपीआई) आधारित प्रमोशन होता है। इस प्रक्रिया में रिसर्च जर्नल के लिए अलग से श्रेणी-3 बनाई गई है। इस श्रेणी में शिक्षकों के राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय रिसर्च जर्नल में प्रकाशित शोध के आधार पर अंक दिए जाते हैं। इन अंकों के आधार पर प्रमोशन का रास्ता साफ होता है। इसी प्रकार, पीएचडी कर रहे शोधार्थियों के लिए भी उनका शोध किसी रिसर्च जर्नल में प्रकाशित होना जरूरी होता है।
उत्तराखंड की यह शोध पत्रिकाएं यूजीसी की सूची से बाहर
1. प्रज्ञान जर्नल ऑफ मास कम्यूनिकेशन, इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, देहरादून
2. द इक्फाई यूनिवर्सिटी जर्नल ऑफ इनवायरमेंटल साइंसेज, इक्फाई देहरादून
3. प्रज्ञान जर्नल ऑफ लॉ, आईएमएस यूनिवर्सिटी, देहरादून
4. एडवांसेज इन फॉरेस्ट्री रिसर्च इन इंडिया, देहरादून
5. प्रज्ञान जर्नल ऑफ मैनेजमेंट, आईएमएस यूनिवर्सिटी, देहरादून
6. नेशनल रिसर्च जर्नल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज, डीएवी कॉलेज, देहरादून
7. वैदिक पाथ : क्वार्टली जर्नल ऑफ इंग्लिश, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्याल, हरिद्वार
8. शोध प्रज्ञा : उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, हरिद्वार
9. उजाला ज्यूडीशियल एंड लीगल रिव्यूज, उत्तराखंड ज्यूडीशियल एकेडमी, नैनीताल
10. जर्नल ऑफ टूरिज्म, एचएनबी गढ़वाल यूनिवर्सिटी
11. एसीएमई जर्नल ऑफ मैनेजमेंट एंड आईटी, आम्रपाली इंस्टीट्यूट, हल्द्वानी
12. यूजेपीएएच जर्नल, उत्तरांचल यूनिवर्सिटी, देहरादून
13. गुरुकुल शोध भारती, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, हरिद्वार
14. जर्नल ऑफ नेचुरल एंड फिजिकल साइंसेज, गुरुकुल कांगड़ी विवि, हरिद्वार
15. आदर्श, श्री भगवानदास संस्कृत महाविद्यालय, हरिद्वार
16. अन्वेष, इंटरनेशनल जर्नल ऑफ मैनेजमेंट एंड इन्फार्मेशन इटेक्नोलॉजी, कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, रुड़की
17. मदरहुड इंटरनेशनल जर्नल ऑफ मल्टीडिसिप्लीनरी रिसर्च एंड डेवलपमेंट, मदरहुड यूनिवर्सिटी, रुड़की
18. जर्नल ऑफ इंडियन जियोलॉजिकल कांग्रेस, इंडियन जियोलॉजिकल कांग्रेस, सिविल लाइंस, रुड़की
19. एसआरएम आईएमटी, जर्नल ऑफ बिजनेस एंड मैनेजमेंट रिसर्च, यूजीसी एचआरडीसी, कुमाऊं यूनिवर्सिटी
20. क्वेस्ट : द जर्नल ऑफ यूजीसी-एचआरडीसी, मिस्टर बीएल शाह इन एसोसिएशन विद इंडियन जर्नल्स डॉट कॉम