उत्तराखंड सुपर लीग (यूएसएल) फुटबाल टूर्नामेंट में हरिद्वार गंगे और रुद्रप्रयाग मोनाल्स के बीच खेला गया उद्घाटन मैच ड्रा हो गया। जबकि दूसरे मैच में उत्तरकाशी ग्लेशियर ने पौड़ी प्लाटून्स को 2-1 से हराकर बढ़त बनाते हुए आगे की राह आसान कर ली है।
रायपुर स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज में मैच शुरू होने से पहले यूएसएल के ब्रांड एंबेसडर बाइचुंग भूटिया और भारतीय निशानेबाज व पद्म श्री जसपाल राणा ने सभी खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई की। पहले मैच में मैन ऑफ द मैच रहे रुद्रप्रयाग के सतीश कुमार को पांच हजार रुपये नगद देकर पुरस्कृत किया गया।
एआइएएफएफ के रेफरी देवाशीष मंडी, नानी गोपाल शाह, संदीप कुमार मैती, संदीप पोखरियाल ने पहले मैच में तथा हरीश कुंदु, मनोज कुमार साहु, आदित्य पुरकायस्था, तहीर और कुमार रक्षित ने दूसरे मैच में रेफरी की भूमिका अदा की।
सोमवार को चमोली बुग्याल बनाम देहरादून कैपिटल रेंजर्स व टिहरी लायंस बनाम रुद्रप्रयाग मोनाल्स के बीच मैच खेला जाएगा। इस दौरान पर यूएसएल के चेयरमैन वीरेन्द्र रावत, यूएसएल को-चेयरमैन देवेन्द्र बुटोला, यूएसएल मैनेजिंग डायरेक्टर सचिन उपाध्याय, डायरेक्टर वीएस रावत, डायरेक्ट अर्चना शर्मा आदि मौजूद रहे।
उत्तराखंड सुपर फुटबाल लीग (यूएसएल) के उद्घाटन समारोह में लीग को बेहद लोकप्रिय बनाने का दावा पहला मैच शुरू होने से पहले ही हवा हवाई साबित हुए। अधूरे इंतजाम के चलते पहला मैच हरिद्वार गंगे बनाम रुद्रप्रयाग मोनाल्स के बीच का मैच करीब पौने दो घंटे की देरी से शुरू हुआ। मैदान में मेडिकल और टेक्निकल सुविधाएं नहीं होने से रेफरी एसेसर ने मुकाबला खिलाने से साफ इंकार कर दिया। इसके बाद आनन-फानन में इन तमाम सुविधाओं की व्यवस्था की गई तब जाकर मैच शुरू हो सका। आयोजन समिति का मानना है कि शनिवार देर रात तक कार्यक्रम चलने की वजह से मैच शुरूआत करने में थोड़ी देरी हो गयी।
रविवार को यूएसएल का पहला उद्घाटन मैच करीब दो बजे से महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज में खेला जाना था। लेकिन आयोजन समिति के सदस्य ही समय पर मैदान में नहीं पहुंचे। जल्दबाजी में कुछ व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया। इसी बीच ऑल इंडिया फुटबाल फेडरेशन से आए रेफरी एसेसर कमल रक्षित ने मैदान का निरीक्षण किया तो कई खामियां पाई गई।
मैदान में खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था तक नहीं थी। मैदान में कुछ जगहों पर मिट्टी का भरना बाकी था। मेडिकल सुविधा के नाम पर भी कुछ नहीं था। इन तमाम खामियों को देखते हुए रेफरी ने मैच खिलाने से इंकार कर दिया। आयोजकों ने आनन-फानन में एक एंबुलेंस की व्यवस्था की। तब जाकर करीब पौने चार बजे से पहला मैच शुरू हो सका।
Published By : Nirmala Suyal