गंगा में पत्थर पर चढ़कर फोटो खिंचवाते वक्त पैर फिसलने से उत्तर प्रदेश के श्रम एवं रोजगार मंत्री शाहिद मंजूर की बेटी और मास्टर ऑफ सर्जरी (एमएस) की छात्रा (24) गंगा नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गई। उसे बचाने की कोशिश में डूब रहे दो अन्य साथियों को राफ्टिंग गाइड ने बाहर निकाला।
जल पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर करीब दस घंटे तक युवती की तलाश की, लेकिन देर शाम साढ़े सात बजे तक उसका सुराग नहीं लग सका था। बचाव कार्य सोमवार को भी जारी रहेगा। लड़की के पिता ऋषिकेश पहुंच गए हैं।
मेरठ के सुभारती मेडिकल कॉलेज के देहरादून कैंपस में मास्टर ऑफ सर्जरी (एमएस) फर्स्ट ईयर के छात्रों का दस सदस्यीय दल शनिवार शाम ऋषिकेश घूमने आया था। दल में छह छात्र चार छात्राएं थीं। सभी ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला क्षेत्र स्थित फूलचट्टी आश्रम के पास एक बीच कैंप में ठहरे थे।
रविवार सुबह सभी कैंप के नीचे गंगा में नहाने उतरे। नहाते वक्त अचानक अदिबा धारा के बहाव में आ गई। उसे बहता देख उसे बचाने के चक्कर में उतरे दो दोस्त भी डूबने लगे।