परिसंपत्तियों के बंटवारे को लेकर राह तक रहे उत्तराखंड को यूपी के कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव के बयान से उम्मीद बंधी है। शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि परिसंपत्तियों के बंटवारे को लेकर यूपी सरकार पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने उत्तराखंड को हर संभव सहयोग की बात भी कही।
शिवपाल सिंह यादव सोमवार को हरिद्वार में यूपी सिंचाई विभाग की ओर से डामकोठी के पास बनाए गए क्रास रेग्युलेटर मायापुर एस्केप और हेड रेग्युलेटर लिंक चैनल का लोकार्पण करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यहां करोड़ों रुपये की अन्य योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
दूर होगा दिल्ली का पानी संकट
उन्होंने कहा कि इस चैनल बनने के बाद गंगनहर की जलप्रवाह क्षमता बढ़ेगी और इससे आगरा व दिल्ली में पानी का संकट कम करने में मदद मिलेगी। यूपी में उन्होंने गंगा समेत अन्य नदियों को स्वच्छ और निर्मल बनाने की बात कही। इस अवसर पर स्वर्गश्राम (ऋषिकेश) के परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद मुनि सरस्वती, श्रीकाली पीठाधीश्वर कैलाशानंद ब्रह्मचारी ने शिवपाल सिंह यादव की ओर से कराए जा रहे विकास कार्यों को सराहा। उन्हें संत समाज और जनहित को समर्पित मंत्री बताया।
यूपी सरकार की तारीफ
यूपी सरकार के सलाहकार विनोद बड़थ्वाल ने कहा कि परिसंपत्तियों के बंटवारे के लिए यूपी सरकार के प्रयास सराहनीय हैं। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एसएन सचान, युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंद्रशेखर यादव, यूपी के प्रमुख सचिव दीपक सिंघल, यूपी सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता आरके शर्मा, अधिशासी अभियंता सीबी यादव, एसडीओ सुशील यादव आदि मौजूद रहे।
हरकी पैड़ी की तरह बनेगी शिव की पैड़ी
शिवपाल सिंह यादव ने जिन करोड़ों रुपयों के कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया, उसमें हेड रेगुलेटर के पास आधुनिक घाट के अलावा शिव की पैड़ी का निर्माण भी प्रस्तावित है। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता सीवी यादव ने बताया कि यहां सात सौ मीटर में शिव की पैड़ी का निर्माण किया जाएगा। जिसमें महिला और पुरुष स्नानार्थियों के लिए चेंजरूम भी बनेंगे। घाटों को जोड़ने के लिए एक झूला पुल का निर्माण किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए साज सज्जा युक्त वाटिका बनाई जाएगी।