वन निगम स्केलर भर्ती : 23 से शारीरिक दक्षता परीक्षा
वन विकास निगम में स्केलर के 200 पदों पर भर्ती के लिए आयोग 23 नवंबर से शारीरिक दक्षता परीक्षा कराने जा रहा है। इसके तहत पुरुषों के लिए 25 किमी, महिला अभ्यर्थियों के लिए 14 किमी दौड़, शॉट पुट, ऊंची कूद, लंबी कूद में शामिल होना होगा। सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वह पूर्व पर्याप्त अभ्यास कर लें। इसके एडमिट कार्ड मंगलवार को वेबसाइट पर जारी कर दिए गए। यह परीक्षा दो दिन चलेगी। पहले दिन अभ्यर्थियों को सुबह सात बजे परीक्षण केंद्र पर पहुंचना होगा। उनकी बायोमीट्रिक हाजिरी के बाद माप जोख व दौड़ होगी। अभ्यर्थी ये सुनिश्चित कर लें कि एडमिट कार्ड पर बार कोड जरूर हो। कोई दिक्कत हो तो 9520991174, 9520991172 पर कॉल कर सकते हैं।
स्नातक स्तरीय भर्ती : टंकण परीक्षा 22 को
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय भर्ती के तहत वैयक्तिक सहायक, सहायक समीक्षा अधिकारी पदों की टंकण परीक्षा 22 नवंबर को होगी। इसके एडमिट कार्ड जारी हो गए हैं। वहीं, हाईकोर्ट के अधीनस्थ न्यायालयों में कनिष्ठ सहायक, स्टेनोग्राफर के पदों पर भर्ती की परीक्षा 20 दिसंबर को होगी। उधर, उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की प्रवक्ता-कला की परीक्षा छह दिसंबर को कराएगा। इसके एडमिट कार्ड 19 नवंबर को जारी हो जाएंगे।