अब हर 15वें दिन होगी समीक्षा
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि अब अधियाचनों की हर 15वें दिन में समीक्षा की जाएगी। अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री राधा रतूड़ी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधियाचन समय से भेजे जाएंगे, यह सुनिश्चित किया जाएगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
तेरी फाइल-मेरी फाइल में अटकीं तीन भर्तियां
तेरी फाइल-मेरी फाइल के चक्कर में उत्तराखंड में चल रहे भर्ती अभियान की राह में विभागीय सुस्ती से अड़चन पैदा हो रही है। राज्य लोक सेवा आयोग ने भर्तियों के अधियाचन लौटाए हुए हैं लेकिन विभाग इनमें सुधार को तैयार नहीं हैं। राज्य लोक सेवा आयोग वैसे तो कैलेंडर के हिसाब से भर्तियां निकाल रहा है लेकिन अधियाचन में गड़बड़ियों की वजह से मामला डगमगा रहा है।
ये भी पढ़ें...Kedarnath Kapat Open: महाशिवरात्रि पर तय हुई कपाट खुलने की तिथि, 25 अप्रैल को खुलेंगे बाबा केदार के द्वार
करीब 10 भर्तियों के अधियाचन कमियां होने की वजह से राज्य लोक सेवा आयोग लौटा चुका है लेकिन विभागों ने इन कमियों को दूर करने में कोई उत्साह नहीं दिखाया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सख्त निर्देशों के बावजूद हालात यह हैं कि जनवरी में निकाली जाने वाली पुलिस एसआई-अग्निशमन अधिकारी (221 पद) की भर्ती अभी तक शुरू नहीं हो पाई।
इस महीने निकाली जाने वाली पर्यावरण पर्यवेक्षक-प्रयोगशाला सहायक (434 पद) की भर्ती भी अधियाचन की कमी दूर न होने की वजह से लटकी हुई है। मार्च में निकलने वाली मानचित्रकार-प्रारूपकार (60 पद) की भर्ती का अधियाचन भी लौटाया गया था लेकिन अब तक लौटकर आयोग के पास नहीं आया।