एसआईटी के रडार पर आयोग के अन्य कर्मचारी
जेई और एई की परीक्षा में आयोग के दूसरे अधिकारी के शामिल होने के बाद एसआईटी के रडार पर आयोग के अन्य कर्मचारी आ गए हैं। एसआईटी अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ कर जानकारी हासिल करेगी।
पटवारी भर्ती की लिखित परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक करवाने में लोक सेवा आयोग के गोपन विभाग के अनुभाग अधिकारी संजीव चतुर्वेदी का नाम सामने आया था। अधिकारी का नाम सामने आने से आयोग और सरकार में हड़कंप मच गया था। इसके बाद से ही एसआईटी की ओर से जेई और एई परीक्षा के पेपर लीक जांच की जा रही थी। जिसमें लोक सेवा आयोग के दूसरे कर्मचारी अनुभाग अधिकारी संजीव कुमार का नाम सामने आया है।
अब संभावना है कि एसआईटी आयोग के अन्य कर्मचारियों और अधिकारियों से पूछताछ कर सकती है। दोनों आरोपी अधिकारियों से नजदीकी रखने वाले कर्मचारी पूछताछ के दायरे में सबसे पहले आएंगे। इससे कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।