अभ्यर्थियों के अंदेशे पर लगी एसआईटी की मुहर
स्पेशल इन्वेस्टिगेशन विंग (एसआईटी) की ओर से अवर अभियंता (जेई) और सहायक अभियंता (एई) की परीक्षा में धांधली होने का मुकदमा दर्ज करने के बाद अभ्यर्थियों की आशंका पर मुहर लग गई है। दरअसल, पटवारी भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद अभ्यर्थियों ने इन परीक्षाओं में धांधली होने की आशंका जताई थी।
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से कराई जाने वाली भर्ती परीक्षाओं में लगातार धांधली सामने आ रही है। पटवारी परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद अभ्यर्थियों ने 2022 अप्रैल-मई में हुई जेई और एई परीक्षा में भी गड़बड़ी होने की आशंका जताई थी।
युवाओं ने भर्तियों की पारदर्शिता पर सवाल उठाए थे। पीसीएस की मुख्य परीक्षा से लेकर जेई और एई की परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों ने भी सीबीआई जांच कराने की मांग की थी। आरोप लगाया था कि जेई और एई परीक्षा के पेपर भी लीक किए गए हैं। अभ्यर्थियों ने परीक्षा को निरस्त करने की मांग की थी। कई दिन तक आयोग के बाहर युवाओं ने धरना-प्रदर्शन कर नारेबाजी की। आखिरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जेई और एई की परीक्षा की एसआईटी जांच बैठाई और जांच में धांधली उजागर होने के बाद नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इससे यह साफ हो गया है कि अभ्यर्थियों की आशंका सही थी।