केदारनाथ धाम की यात्रा पर आए दो तीर्थयात्रियों की मौत हो गई। इनमें से एक की मौत हृदयगति रुकने से हुई जबकि दूसरे की मौत का कारण तबियत बिगड़ना बताया जा रहा है। धाम में स्वास्थ्य बिगड़ने से पिछले सोलह दिनों में चार तीर्थयात्रियों की मौत हो चुकी है।
बुधवार सुबह हैदराबाद निवासी एक महिला केदारनाथ धाम से दर्शन कर लौट रही थी तभी रास्ते में उनकी तबियत बिगड़ गई। साथ चल रहे श्रद्धालुओं ने उन्हें उठाया तब तक वह दम तोड़ चुकी थी। वहीं एक दूसरे यात्री की केदारनाथ धाम जाते वक्त मौत हो गई। तीर्थयात्रियों के नाम और मौत के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
बदरीनाथ में दो तीर्थयात्रियों की मौत
बदरीनाथ धाम में दो श्रद्धालुओं की हृदय गति रुकने मौत हो गई। धाम में हृदय गति रुकने से मरने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या छह हो चुकी है। बीती सोमवार को बदरीनाथ के दर्शनों को पहुंचे भाष्कर राजू (60) पुत्र सत्यनारायण निवासी आंध्र प्रदेश बदरीनाथ की तीर्थयात्रा कर अपने कमरे में लौट रहे थे, तभी अचानक रास्ते में ही उनके सीने में तेज दर्द उठा और वे वहीं जमीन पर गिर पड़े। परिजनों ने उन्हें उठाया, लेकिन तब तक वे दम तोड़ चुके थे।
वहीं, सोमवार रात को रामबलि (61) पुत्र राम नारायण, ग्राम उकाऊं मंगल, पुराना बाजार, बस्ती (यूपी) बदरीनाथ के दर्शन कर जोशीमठ लौट आए। यहां अचानक उनके सीने में दर्द उठा। परिजनों ने उन्हें सीएचसी जोशीमठ में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर हायर सेंटर के लिए रेफर किया लेकिन उन्होंने चमोली बाजार तक पहुंचते ही वाहन में ही दम तोड़ दिया।