ताकुला ब्लॉक के पनेर गांव में देर शाम रसोई गैस सिलिंडर लीक होने से लगी आग में जलकर दो बुजुर्गों की मौत हो गई।
पनेर गांव निवासी जगदीश चंद्र कांडपाल (70) के घर में रसोई गैस सिलिंडर लीक हो रहा था। गैस की बदबू आने पर पड़ोसी हेम चंद्र लोहनी (60) भी वहां पहुंच गए। जगदीश चंद्र ने जैसे ही चूल्हा जलाया तो लीक हो रही गैस ने आग पकड़ ली। दोनों बुजुर्ग आग की चपेट में आ गए।
दोनों बुजुर्गों के आग की चपेट में आने की सूचना मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने वहां राहत और बचाव कार्य चलाया। अधजली अवस्था में दोनों बुजुर्गों को ताकुला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
चौकी इंचार्ज संतोष तिवारी ने बताया कि दोनों बुजुर्ग गैस लीक होने के कारण लगी आग की चपेट में आ गए। कल दोनों शवों का पंचायत नामा भरा जाएगा और अल्मोड़ा में पोस्टमार्टम कराया जाएगा।