हरिद्वार में थाईलैंड के प्रतिनिधि
- फोटो : अमर उजाला
उत्तराखंड में पर्यटन विकास की संभावनाएं तलाशने आए थाईलैंड के टूर ऑपरेटर और अन्य प्रतिनिधियों को उत्तराखंड की नैसर्गिक सुंदरता खूब भायी है। हरिद्वार और ऋषिकेश में गंगा आरती को देखकर मोहित हो गए। अब यह दल थाईलैंड जाकर अपने अनुभवों को साझा करेगा और पर्यटकों को उत्तराखंड आने के लिए प्रेरित करेगा।
थाईलैंड का चार सदस्य दल उत्तराखंड के दौरे पर था। इस दल ने मसूरी, जॉर्ज एवरेस्ट, धनौल्टी, नई टिहरी, चंबा, देवप्रयाग, कौड़ियाला, ऋषिकेश, जिम कार्बेट, खुरपा ताल, नैनीताल, श्यामखेत टीम गार्डन और कुचियाताल समेत कई अन्य स्थलों का निरीक्षण किया। थाई प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए यह विश्वास दिलाया कि भविष्य में थाई पर्यटकों को यहां की ओर आसानी से आकर्षित किया जा सकता है।
टूर में शामिल ट्रेवल ऑपरेटर कंपनी के प्रेसिडेंट अध्यक्ष सुनटोन ने कहा कि थाईलैंड में योग और आध्यात्म को लेकर लोगों में काफी जिज्ञासा है। दल में शामिल डिजिटल मार्केटिंग हेड आर्ट थौम्या ने मंगलवार को पत्रकारों से वार्ता में बताया कि कहा कि उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग जंगल सफारी और साहसिक पर्यटन की संभावनाएं हैं।