केदारनाथ के लिए दो कंपनियों की हेलीकॉप्टर सेवा पर रोक लगा दी गई है। बुधवार को डीडीसीए को निरीक्षण में कई खामियां मिलने पर दोनों कंपनियों को नोटिस दिया गया। सूत्रों के अनुसार कंपनियों के स्टॉफ के संबंध में और दस्तावेजों में गंभीर खामियां मिली हैं, जिन्हें यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मानते हुए यह कार्रवाई की गई है।
डीडीसीए (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) की टीम बुधवार को फाटा पहुंची। टीम ने वहां सभी हेलीकॉप्टरों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में खामियां मिलने पर हेरिटेज एविएशन और यूटी ईयर कंपनी की हेली सेवा पर रोक लगाते हुए नोटिस जारी किया गया है।
इस संबंध में नागरिक उड्डयन सचिव अमित नेगी ने बताया कि निरीक्षण में मिली खामियों के संबंध में कंपनियों को बता दिया गया है। कंपनियों की ओर से जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बुकिंग करा चुके पर्यटक परेशान
दो हेली कंपनियों की उड़ान स्थगित होने से पर्यटक परेशान हो गए। कई दिन पहले बुकिंग करा चुके पर्यटक बार-बार इस बारे में एजेंटों को फोन करते रहे। इनमें से कुछ पर्यटक दून पहुंच चुके हैं और कुछ रास्ते में हैं तो कुछ निकलने की तैयारी में हैं। ऐसे में ट्रेवल एजेंट और गढ़वाल मंडल विकास निगम की ओर से पर्यटकों को दूसरे हेलीकाप्टर में शिफ्ट करने की बात कही जा रही है।