पौड़ी के लैंसडौन में 111 इंफेंट्री बटालियन प्रादेशिक सेना कुमाऊं की ओर से चल रही भर्ती रैली में युवकों का हुजूम उमड़ पड़ा। करीब 20 पदों के लिए आयोजित इस भर्ती में न सिर्फ सिविल प्रशासन बल्कि सेना की उम्मीद से भी कहीं अधिक युवक पहुंच गए।
हजारों की संख्या में पहुंचे युवकों को सोने की जगह मिलनी तो दूर पानी पीने के लिए भी परेशान होना पड़ा। बुधवार को अधिकांश युवक शारीरिक मापदंड में बाहर होने पर जब लौटे तब प्रशासन के साथ ही शहरवासियों ने राहत की सांस ली। हालांकि इन दिनों नगर के व्यापारियों की खूब मौज रही।
15 सितंबर से शुरू भर्ती में पहले दिन उत्तराखंड, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ से 2200 युवक शामिल हुए थे। इसी भीड़ में नगर में रहने खाने की समस्या खड़ी हो गई थी, लेकिन दूसरे दिन बुधवार को मध्यप्रदेश, उड़ीसा और उत्तर प्रदेश से चार हजार से अधिक युवक भी भर्ती में शामिल होने पहुंच गए।
भर्ती की भीड़ से मेले में तब्दील हुआ शहर
युवकों की इतनी बड़ी संख्या ने पूरे शहर को मेले में तब्दील कर दिया। स्थिति यह थी कि खाने-सोने की समस्या तो थी ही बल्कि पीने के पानी और दैनिक कार्यों से निवृत्त होने के लिए युवाओं को परेशान होना पड़ा।
सूबेदार मोहल्ले में जनसुविधा केंद्र में पानी की कमी के चलते वह समय पर नहीं खुल सका जिससे युवाओं को खासी दिक्कतें हुई। वहीं इतनी भीड़ होने के बावजूद नगर में पर्याप्त पुलिस गश्त नहीं लगाई गई थी। जिससे स्थिति कई बार बिगड़ती रही।
मारपीट और झड़पें
बुधवार को दोपहर दो बजे भर्ती के लिए आए युवकों के दो गुटों में मारपीट हो गई जिससे वहां हंगामा हो गया। पुलिस ने एक युवक को पकड़कर थाने में बैठा दिया जिसे कुछ देर बाद छोड़ दिया गया।
ओस गिरने से ठिठुरते रहे भर्ती में आए युवक
सोने की जगह नहीं मिलने से अधिकांश युवक पार्कों, फुटपाथ और सड़क किनारे ही चादर ओढ़कर सोते हुए नजर आए। रात को आधी रात को ओस गिरने से खुले आसमान के नीचे सोए युवक ठिठुरते नजर आए।
भाजपा ने लगाया पानी का टैंकर
बुधवार को भाजपा विधायक दिलीप रावत की पहल पर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने टैंकर लगाकर युवकों को पानी उपलब्ध कराया। टैंकर की व्यवस्था में भाजपा नेता र्सू्यदेव शाह, विपिन धस्माना, मुकेश अग्रवाल, भुवनेश खंडेलवाल आदि शामिल रहे।