फर्जी आईएएस मामले में आईएएस अकादमी के उपनिदेशक सौरभ जैन को बचाने का प्रयास शुरू हो गया है। अकादमी ने जैन पर लगाए रूबी चौधरी के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। रूबी पर मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने की भी बात कही जा रही है।
शुक्रवार को जारी विज्ञप्ति में अकादमी के संयुक्त निदेशक डी. नारिआला ने कहा है कि नौकरी दिलाने की बात मिथ्या है। रूबी अनधिकृत तरीके से सिक्योरिटी गार्ड देव सिंह को आवंटित आवास में रह रही थी। इसकी जानकारी मिलते ही कार्रवाई की गई।
पूरे मामले की वीडियोग्राफी
सुरक्षा प्रभारी वरिष्ठ उपनिदेशक डॉ. प्रेम सिंह ने रूबी से पूछताछ की। नारिआला के अनुसार पूछताछ की वीडियोग्राफी की गई है। रूबी से तत्काल अकादमी छोड़ने के लिए कहा गया और उससे मतदाता पहचान पत्र, पहचानपत्र आदि कागजात ले लिए गए।
संयुक्त निदेशक का कहना है कि पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग, फोटोग्राफ और सीसीटीवी फुटेज एसआईटी को सौंप दिए गए हैं।
विज्ञप्ति में कार्रवाई की बात
नारिआला के मुताबिक सुरक्षा में लापरवाही के मामले में कार्रवाई हुई। संबंधित सिक्योरिटी गार्ड को तत्काल निलंबित कर दिया गया। विज्ञप्ति में कहा गया कि रूबी चौधरी के खिलाफ मानहानि का केस किया जाएगा।