Iराज्य शैक्षिक प्रबंधन एवं प्रशिक्षण संस्थान (सीमेट), देहरादून में लोक सेवा आयोग, उत्तराखंड से चयनित 24 उप शिक्षा अधिकारियों का प्रशिक्षण बुधवार से शुरू हो गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालयी शिक्षा की महानिदेशक आकांक्षा कोंडे ने किया।
शिक्षा महानिदेशक ने नवनियुक्त उप शिक्षा अधिकारियों को चयन पर बधाई देते हुए उन्हें शुरुआती उत्साह और ऊर्जा को आगे भी बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा, विद्यालयी शिक्षा के क्षेत्र में कई चुनौतियां हैं, जिनमें विद्यार्थियों की लगातार घटती संख्या गंभीर चिंता का विषय है। ऐसे में शिक्षा अधिकारियों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।
उन्होंने अधिकारियों से उपलब्ध संसाधनों और सुविधाओं का बेहतर उपयोग करते हुए विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा। निदेशक, अकादमिक, शोध एवं प्रशिक्षण वंदना गर्ब्याल ने प्रशिक्षणार्थियों से लोक कल्याणकारी राज्य की भावना के अनुरूप जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए पारंपरिक तरीकों के साथ नए प्रयोग और नवाचारों को भी शामिल किया जाना जरूरी है।
प्रशिक्षण में लगन और गंभीरता से भाग लें, साथ ही विभागीय योजनाओं और नीतियों से लगातार अपडेट रहें। प्रशिक्षण के दौरान नवचयनित उप शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयी शिक्षा व्यवस्था, विभागीय योजनाओं, प्रशासनिक दायित्वों और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाएगी। ब्यूरोI