राजधानी में बुधवार को दिनभर हुई बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली तो जाम भी परेशानी भी झेलनी पड़ी। चौपहिया वाहनों के सड़कों पर आने से सुबह से यातायात का दबाव था। तेज बारिश से दोपहर को जलभराव हुआ तो शहर में हर तरफ जाम लग गया।
हल्ला मचा तो यातायात दुरुस्त करने एसएसपी से लेकर थाना-चौकी के पुलिसकर्मी सड़कों पर उतरे। बारिश के बीच आधे घंटे से अधिक की मशक्कत के बाद ट्रैफिक पटरी पर आ सका। सबसे ज्यादा परेशानी वाहन चालकों के लेफ्ट टर्न पर काबिज होने से आई।
सुबह से ही हो रही बारिश के बीच यातायात को सुचारु रखने के लिए पुलिसकर्मियों को लगाया गया था। लेकिन दोपहर में तेज बारिश हुई तो पुलिसकर्मी सड़कों से हट गए। उस समय स्कूल की छुट्टी के साथ यातायात का दबाव और बढ़ गया।
बारिश के कारण दुपहिया के बजाय हर तरफ चौपहिया वाहनों की कतार थी। सड़कों पर जलभराव से स्थिति और बिगड़ गई। सर्वे चौक, सुभाष रोड, दिलाराम चौक, यूकेलिप्टस चौक, बेनी बाजार, दून अस्पताल, बुद्धा चौक, महाराजा अग्रसेन चौक, तहसील चौक, दर्शन लाल चौक आदि स्थानों पर वाहनों की लाइन लग गई।