पहाड़ों की रानी मसूरी में नए साल का जश्न मनाने आने वाले पर्यटकों को ट्रैफिक जाम से जूझना न पड़े, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक प्लान बनाया है। सीओ मसूरी नरेंद्र पंत ने बताया मसूरी आने वाले वाहनों के लिए कई रूट डायवर्ट किए जाएंगे। साथ ही कई मार्गों को वन-वे किया जाएगा।
देहरादून से आने वाले वाहनों की कुठाल गेट और कोल्हुखेत पर चेकिंग की जाएगी। बुकिंग होने पर ही आगे आने दिया जाएगा। रोडवेज की बसें किंग्रेग तक ही आएंगी। प्राइवेट बसों को गज्जी बैंड से वापस भेजा जाएगा। कैंपटी और देहरादून से आने वाले भारी वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा। लाइब्रेरी और पिक्चल पैलेस रोड किनारे खड़े वाहनों को किंगरेग की पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। शहर में क्रेन भी तैयार रखी जाएगी जिससे बेतरतीब खड़े वाहनों को सीज किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि लाइब्रेरी चौक से स्प्रिंग रोड वन-वे रहेगी। यहां से वाहन वापस जीरो प्वाइंट से शहर में पहुंचेंगे। साथ ही गज्जी बैंड से कैंपटी जाने वाले वाहनों को भेजा जाएगा। मालरोड में 12 बजे के बाद वाहनों का प्रवेश नहीं होगा? लंढौर से मलिंगार तक वन-वे रहेगा। लालटिब्बा से वाहनों को वापस आने के लिए बाटाघाट और वुडस्टॉक स्कूल से जाना पड़ेगा। मसूरी से वापस जाने वाले वाहन बाया झड़ीपानी, बर्लोगंज से देहरादून भेजे जाएंगे।
शहर में रात्रि गश्त तेज होगी
सीओ मसूरी नरेद्र पंत ने बताया कि शहर में कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार साउंड सिस्टम से पर्यटकों से मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील करेगा। साथ ही रात्रि में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। बिना मास्क के घूमने पर पर्यटकों के चालान किए जाएंगे। उन्होंने शहर के होटल कारोबारियों और व्यापारियों से रात्रि कर्फ्यू में सहयोग की अपील की।