छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए राज्य भर के लोगों को अब समाधान पोर्टल पर जाकर शिकायत दर्ज करने की दरकार नहीं रहेगी। यह काम 1905 नंबर पर महज एक कॉल करने भर से हो जाएगा। सारी तैयारियां हो चुकी हैं। छह सितंबर को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इस नंबर को लांच किया।
अभी तक समाधान पोर्टल पर शिकायत करने के लिए वेबसाइट पर शिकायत अपलोड करनी होती थी, या फिर जिलाधिकारी कार्यालय जाकर पत्र देना होता था। मगर अब तीसरे विकल्प के रूप में टॉल फ्री नंबर 1905 जारी किया जा रहा है। इस नंबर पर फोन करके भी शिकायत की जा सकेगी।
बीते माह मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने समाधान पोर्टल पर आने वाली शिकायतों की समीक्षा बैठक की थी। बैठक में यह बिंदु भी सामने आया कि तमाम शिकायतकर्ता कंप्यूटर न जानने के कारण अपनी बात नहीं कह पाते हैं। इसके अलावा इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या का जिक्र भी बैठक में हुआ।
इस टोल फ्री नंबर में एक साथ 15 शिकायतें दर्ज हो सकती है। साथ ही दस दिन के भीतर आपकी शिकायत का समाधान किया जाएगा।