विधानसभा के बृहस्पतिवार से शुरू होने वाले दो दिवसीय सत्र के दौरान कड़े सुरक्षा प्रबंध रहेंगे। पूरे इलाके की किलेबंदी करने के साथ पुलिस कर्मियों को ड्यूटी के प्रति सचेत रहने की हिदायत दी गई है। प्रदर्शनों के दौरान यातायात डायवर्जन का प्लान जारी किया है।
पुलिस लाइन में बुधवार को ड्यूटी पर लगे पुलिसकर्मियों को ब्रीफ किया गया। एसएसपी डा सदानंद दाते ने बताया कि विधानसभा सत्र की सुरक्षा प्रबंधों को लेकर तमाम तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। पहले दिन जैविक उत्पाद परिषद परिक्षेत्र, बीपीएड कर्मचारी संगठन और बेरोजगार आयुर्वेदिक डिप्लोमा फार्मासिस्ट संघ द्वारा प्रदर्शन किया जाएगा।
यह रहेगा डायवर्जन प्लान
- मसूरी से हरिद्वार और ऋषिकेश की तरफ जाने वाले वाहन ईसी रोड से फव्वारा चौक, छह नंबर पुलिया से किद्दूवाला, तुनवाला और बालावाला होते हुए जाएंगे।
- मसूरी और राजपुर से आईएसबीटी जाने वाले वाहन घंटाघर से सहारनपुर रोड होते हुए जाएंगे।
- आराघर से हरिद्वार जाने वाला यातायात फव्वारा चौक से पुलिया नंबर छह से रायपुर रोड से महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज से मियांवाले के रास्ते हरिद्वार भेजे जाएंगे।
- धर्मपुर चौक से आईएसबीटी जाने वाले वाहन माता मंदिर रोड होते हुए पुरानी बाईपास चौकी से
आईएसबीटी जाएंगे।
- मोहकमपुर की तरफ से मसूरी जाने वाले वाहन जोगीवाला से रिंग रोड, लाडपुर, सहस्त्रधारा क्रासिंग से आईटी पार्क होते हुए जाएंगे।
- मोहकमपुर से शहर जाने वाला यातायात जोगीवाला से छह नंबर पुलिया होते हुए नेहरू कॉलोनी, आराघर, ईसी रोड होते हुए जाएगा।
- डायवर्जन के समय रिस्पना से शहर से आने वाले वाहन हरिद्वार बाईपास से कारगी चौक की ओर भेजे जाएंगे।
- मोथरोवाला तिराहा से बाईपास रोड की ओर केवल दोपहिया वाहन ही जा सकेंगे।
- आईएसबीटी की ओर से डोईवाला की तरफ भारी वाहन मोथरोवाला से दूधली होते हुए जाएंगे।
- रिस्पना की तरफ आने वाले तीन नंबर के विक्रम नेहरू कॉलोनी मोड तक जा सकेंगे, वहीं से उन्हें वापस किया जाएगा।
- डोईवाला रोड के चार नंबर के विक्रम शास्त्रीनगर बैरियर से पहले ही वापस घुमा दिए जाएंगे।
यहां रहेंगे बैरियर
रिस्पना बैरियर, विधानसभा तिराहा रिस्पनापुल, शास्त्रीनगर बैरियर, प्रगति विहार बैरियर, डिफेंस कॉलोनी रोड बैरियर, दूरदर्शन के सामने रिस्पना बैरियर
यह रहेगा फोर्स
अपर पुलिस अधीक्षक - पांच, डिप्टी एसपी-आठ, इंस्पेक्टर-एसओ -11, उप निरीक्षक- 33, महिला एसआई-चार, हेड कांस्टेबल- 17, कांस्टेबल-180, पीएसी की प्लाटून-नौ