पहाड़ों की रानी मसूरी में तीन दिवसीय फूड फेस्टिवल सोमवार से शुरू हो गया । इसका उदघाटन कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया। उन्होंने उत्तराखंड के लजीज व्यंजन का लुत्फ भी उठाया ।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड के परंपरागत व्यंजनों के स्टॉल इस फेस्टिवल में लगाए गए हैं। इसमें मंडूवा, काफली ,अरसे ,कोदा ,झंगोरे की खीर,टूपके, कंडाली का साग, पकोड़े सहित कई प्रकार के व्यंजन शामिल हैं। विंटर लाइन कार्निवाल के स्थगित होने के मामले में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार की नई गाइडलाइन आई है उसमें सौ से अधिक लोगों को एक जगह एकत्र नहीं हो सकते । इस कारण विंटर लाइन कार्निवाल स्थगित किया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने आभार जताया। उत्तराखंड होटल एसोसिएशन अध्यक्ष संदीप साहनी ने कहा कि पर्यटकों के जरिए उत्तराखंड के परंपरागत व्यंजनों का प्रचार-प्रसार होगा जो यहां के पर्यटन उद्योग के लिए बेहतर साबित होगा। संस्कृति परिवार की अध्यक्ष गीता कुमांई ने कहा कि उत्तराखंड के फूड जिनमें काफली भात,पत्यूङ, झंगेरो की खीर, मंडूवे के मोमो को पर्यटकों ने खूब सराहा। पर्यटन विभाग के एडिशनल डायरेक्टर विवेक सिंह चौहान ने कहा कि फेस्टिवल में 30 स्टॉल लगाए गए हैं। ।इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता ओपी उनियाल, मनमोहन सिंह मल्ल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसपाल सिंह चौहान, मसूरी होटल एसोसिएशन अध्यक्ष संजय अग्रवाल, सचिव अजय भार्गव, भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल , भरत सिंह कुमाईं, अनिता जवाङी,माधुरी नौटियाल, सुरेश गोयल ,सुनील गोयल मौजूद रहे। संवाद