कोटा डिमऊ गांव में बिजली आपूर्ति करने वाले ट्रांसफार्मर के नीचे कुछ इस तरह से हो रहा भूस्खलन।
- फोटो : VIKAS NAGAR
यूपीसीएल की लापरवाही के कारण कभी भी कोटा-डिमऊ गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो सकती है। गांव में बिजली आपूर्ति करने वाला ट्रांसफार्मर भूस्खलन की जद में है। लगातार ट्रांसफार्मर के नीचे की जमीन दरक रही है। इसके बावजूद अब तक विभाग ने इस ट्रांसफार्मर की कोई सुध नहीं ली है।
स्थानीय निवासी स्याणा रणवीर सिंह, धन सिंह, गजेंद्र सिंह, प्रताप सिंह, मुकेश, जगदीश, नारायण सिंह का कहना है कि गांव में 80 परिवार निवास करते हैं। क्षेत्र में बिजली आपूर्ति करने के लिए बरखाधी धार के पास एक बिजली ट्रांसफार्मर लगाया गया है, लेकिन बीते कई दिन से ट्रांसफार्मर के नीचे की जमीन लगातार दरक रही है। इससे कभी भी कोई बड़ा हादसा होने के साथ ही गांव की बत्ती गुल हो सकती है। कई बार मामले की शिकायत विभागीय अधिकारियों से की जा चुकी है, इसके बावजूद अब तक ट्रांसफार्मर की सुध लेने के लिए कोई भी अधिकारी गांव नहीं पहुंचा है।
वहीं, अधिशासी अभियंता सुधीर गुप्ता ने बताया कि मामले में संबंधित अवर अभियंता को निर्देशित कर दिया गया है। जल्द ही ट्रांसफार्मर के नीचे सुरक्षात्मक कार्य कराए जाएंगे।