पति-पत्नी के बीच एक ऐसी चीज आ रही है जो उनके पारिवारिक जीवन को तबाह कर रही है। कारण बेहद छोटा है लेकिन इसे छोटा समझने की भूल शादीशुदा जीवन को बर्बाद कर रहा है।
शादी से पहले एक-दूसरे को करीब लाने वाला मोबाइल शादी के बाद पति-पत्नी के बीच दूरियों की वजह बन रहा है। अब हर कोई मोबाइल फोन से चिपका रहता है। एक ही छत के नीचे रहने के बाद भी पति-पत्नी को एक-दूसरे से बात करने की फुर्सत नहीं होती।
इससे रिश्तों की मिठास कम हो रही है। नौबत तलाक तक पहुंचने लगी है। उत्तराखंड पुलिस के आंकड़े इसके गवाह हैं। पुलिस के पास पहुंचने वाले अधिकतर दंपति के बीच के झगड़े की वजह एक-दूसरे को टाइम नहीं देना है। करीब 70 प्रतिशत झगड़े मध्यम और उच्च मध्यम वर्गीय परिवारों से जुड़े हैं।
बेहद नाजुक हो गया है सात जन्मों का रिश्ता
मोबाइल फोन
बदलती जीवनशैली में पति-पत्नी का सात जन्मों का रिश्ता बेहद नाजुक हो गया है। मामूली बात पर होने वाले झगड़े थानों की दहलीज तक पहुंच रहे हैं। झगड़े निपटाने के लिए हर जिले में महिला हेल्पलाइन और ऐच्छिक ब्यूरो खोले गए हैं।
मकसद दंपतियों की काउंसिलिंग कर परिवारों को टूटने से बचाना है। पुलिस मुख्यालय के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष भर में 6812 पारिवारिक झगड़े महिला हेल्पलाइन और ऐच्छिक ब्यूरो में पंजीकृत हुए हैं।
इनमें पति एवं पत्नी की काउंसलिंग के बाद 5615 परिवार बिखरने से बचाए गए हैं। 464 मामलों में मुकदमे और 488 मामलों में काउंसिलिंग चल रही है। ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार के सबसे अधिक मामले हैं।
देखिए कैसे टूट रहे रिश्ते
मोबाइल यूजर्स
हरिद्वार के पवन और नेहा की शादी को साल भर भी नहीं हुआ है। दोनों की लव मैरिज है। नेहा पढ़ी-लिखी है। अपने खर्चे पूरे करने के लिए नेहा भी सिडकुल में नौकरी करती है। नौकरी के साथ दंपति का सुख-चैन भी छीन गया है। नेहा मोबाइल पर ही ज्यादा वक्त गुजारती है, जो पवन को अखरता है। अब मामला पुलिस तक पहुंचा है।
देहरादून के गोविंद और रजनी की शादी के अभी पांच ही हुए हैं। इनका तीन साल का बेटा है। दोनों एक छत के नीचे रहते जरूर हैं। पर किसी को बेटे को देखने तक की फुर्सत नहीं होती। दोनों अपने-अपने फोन पर चिपके रहते हैं। झगड़ा इसी बात पर है।
रुद्रपुर की हर्षिता और अमनदीप का रिश्ता तलाक तक पहुंच गया है। हर्षिता ग्रेजुएट और अमनदीप हाईस्कूल फेल है, लेकिन अमीर है। हर्षिता ने अनमदीप के ऐशोआराम देख शादी तो कर ली, लेकिन अब खुद को एडजर्स्ट नहीं कर पा रही है। हर्षिता का शादी से पहले ब्वॉय फ्रेंड है। वह उससे चैटिंग करती है।
(नोट - केस स्टडी में सभी नाम काल्पनिक हैं)
कुछ वर्षों पहले तक दांपत्य जीवन के झगड़े सिर्फ गरीब परिवार से जुड़े होते थे। शराब के नशे में पत्नी से मारपीट और घर चलाने के लिए खर्च नहीं देने जैसे मामले आते थे। लेकिन अब झगड़े की वजह और परिवार भी बदल गए हैं। मध्यम और उच्च मध्यम वर्गीय परिवारों के सर्वाधिक झगड़े ब्यूरो में आ रहे हैं।
- शाहजहां जावेद खान, प्रभारी हेल्पलाइन उत्तराखंड
काउंसिलिंग का पैनल
तलाक
मनोचिकित्सक, डॉक्टर, वकील, मैरिज काउंसलर, जिला प्रोविजन अधिकारी और महिला आयोग सदस्य के अलावा हेल्पलाइन और ऐच्छिक ब्यूरो प्रभारी अलग-अलग स्तर पर पति एवं पत्नी की काउंसलिंग करते हैं।
जिला कुल मामले समझौता
देहरादून 1345 953
हरिद्वार 2374 2132
नई टिहरी 73 49
पौड़ी 244 191
चमोली 45 34
रुद्रप्रयाग 61 55
उत्तरकाशी 26 25
नैनीताल 717 707
ऊधमसिंह नगर 1637 1278
अल्मोड़ा 89 72
पिथौरागढ़ 38 27
चंपावत 32 21
बागेश्वर 71 71