एटीएम से पैसे निकालकर बाहर आई महिला का बाइक सवार बदमाशों ने पर्स लूट लिया। महिला के पर्स में 15 हजार रुपये और अन्य सामान भी मौजूद था। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
घटना रायपुर थाना क्षेत्र के तुनवाला की है। जानकारी के मुताबिक अनिता जोशी पत्नी गिरीश चंद जोशी निवासी मियांवाला राजेश्वरी पुरम रायपुर शनिवार को पीएनबी एटीएम से पैसे निकालने गईं थीं। उन्होंने एटीएम से 15 हजार रुपये निकाले। इसके बाद वह कुछ दूर ही चली थीं कि पीछे से आई एक मोटसाइकिल पर सवार बदमाशों ने उनके हाथ से बैग लूट लिया। वह चिल्लाईं लेकिन जब तक लोग वहां आते बदमाश ओझल हो चुके थे।
एसओ रायपुर अमरजीत सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज को चेक किया जा रहा है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।