-सचिव आवास ने किया यात्रामार्ग की पार्किंग परियोजनाओं का निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चारधाम यात्रा को सुगम बनाने के लिए आवास विभाग ने तैयारी तेज कर दी। सचिव आवास डॉ. आर राजेश कुमार ने शनिवार को गौचर, कर्णप्रयाग और चमोली में निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित पार्किंग परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
सचिव ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करें। गौचर में 27 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जिसे जल्द संचालित करने के निर्देश दिए। कर्णप्रयाग में निर्माणाधीन पार्किंग को आगामी नंदा राजजात से पहले हर हाल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। चमोली में टैक्सी स्टैंड (21 वाहन) और खड्ड साइड (82 वाहन) में बन रही दो नई पार्किंग से यातायात का दबाव कम होगा।
डॉ. आर राजेश कुमार ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को जाम से मुक्ति दिलाना है। उन्होंने अधिकारियों को यात्रा मार्ग पर ऐसे ब्लैक स्पॉट्स चिह्नित करने के निर्देश दिए, जहां अक्सर जाम लगता है। ताकि वहां नई पार्किंग विकसित की जा सकें।