शिमला बाईपास रोड स्थित हार्डवेयर दुकानदार को घायल कर लूटने वाला आरोपी उन्हीं के गांव का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान की है। फिलहाल, आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आ सकता है। उसकी तलाश में तीन टीमें गठित की गई हैं।
हार्डवेयर व्यापारी कृष्णपाल तोमर निवासी हरिपुरकलां शुक्रवार दोपहर अपनी दुकान पर थे। तभी वहां आए एक शख्स ने उन्हें ईंट से मारकर घायल किया और गल्ले व जेब से रुपये निकालकर भाग गया। आरोपी ने वहां से करीब 90 हजार रुपये लूटे थे। घटना का पता करीब चार घंटे बाद चला जब पड़ोसी दुकानदार ने तोमर को घायल अवस्था में देखा। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दुकान के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो देखा कि एक युवक दोपहर 2:32 बजे दुकान में दाखिल हुआ था। चूंकि, तोमर उसे पहचानते थे तो अंदर आने पर उन्होंने किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दी। वह अक्सर वहां आता जाता रहता था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर परिजनों ने उसे पहचान लिया। इंस्पेक्टर पटेलनगर प्रदीप राणा ने बताया कि आरोपी तोमर के ही गांव का रहने वाला है। गांव वालों ने बताया है कि वह नशा करने का आदी है। माना जा रहा है कि आरोपी ने नशे की लत के कारण ही इस घटना को अंजाम दिया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि एसओजी और पुलिस की तीन टीमें आरोपी को खोजने में जुटी हुई हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गंभीर है कारोबारी की हालत
हार्डवेयर कारोबारी की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें लुटेरे के हमले के बाद श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोपी ने उनके सिर पर नौ वार किए थे।