रामपुर रोड स्थित निजी अस्पताल के संचालक डॉ. वैभव कुच्छल को कॉल कर किसी अज्ञात व्यक्ति ने तीन करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। पैसा न देने पर डॉक्टर के बेटे का अपहरण करने की धमकी दी गई है। एसएसपी ने डॉक्टर के परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी है। इस मामले में पुलिस की दो टीमें दिल्ली और हापुड़ भेजी गई हैं।
एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि मानपुर उत्तर स्थित एक निजी अस्पताल के संचालक और ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. वैभव कुच्छल के पास सोमवार की शाम छह बजे एक बदमाश की कॉल आई। बदमाश ने पहले बच्चे की आवाज में बात की। इसके बाद धमकी देते हुए कहा कि जहां कहूंगा वहां तीन करोड़ रुपये पहुंचा देना। पैसा नहीं मिलने पर तुम्हारे बच्चे का अपहरण कर लिया जाएगा। दो मिनट बाद फिर बदमाश ने कॉल किया लेकिन डॉक्टर ने दहशत की वजह से कॉल रिसीव नहीं की।
भयभीत डॉक्टर के परिवार ने एसएसपी से संपर्क कर घटना से अवगत कराया। एसएसपी के निर्देश पर डॉक्टर के परिवार को तत्काल पुलिस सुरक्षा प्रदान कर दी गई। डॉक्टर ने मंगलवार को अपने बच्चों को स्कूल भी नहीं भेजा। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में धारा 384 के तहत अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जांच में पता चला कि कॉल हापुड़ क्षेत्र से की गई है। पुलिस की दो टीमें दिल्ली और हापुड़ भेजी गई हैं। एसएसपी का कहना है कि मामले का पर्दाफाश कर शीघ्र ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा। घटना की जानकारी मिलने पर अन्य डॉक्टर लामबंद होने लगे हैं। उन्होंने तत्काल बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग की ।