केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलोत ने कार्यकर्ताओं के बीच अपनी पृष्ठभूमि को उकेरा और उनमें उत्साह भरने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि मेरी पारिवारिक पृष्ठभूमि भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसी है।
भाजपा में रहना मेरे लिए गौरव की बात
देहरादून में प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे गहलोत ने कहा कि झुग्गी झोंपड़ी में जन्म लेकर यहां तक पहुंच गया इसमें केवल पार्टी की मेहरबानी है और भाजपा में रहना मेरे लिए गौरव की बात है।
शुक्रवार को देहरादून पहुंचे केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत प्रदेश कार्यालय पहुंचे तो प्रदेश अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत की अगुवाई में नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद गहलोत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कहा कि मेरी पारिवारिक पृष्ठभूमि भी प्रधानमंत्री मोदी से अलग नहीं है।
मेरा जन्म झुग्गी झोंपड़ी में हुआ, स्ट्रीट लाइट की रोशनी में रात भर पढ़ता था। लेकिन मेरे लिए यह बात वरदान साबित हुई कि जिस झुग्गी में मैं रहता था उसके पास ही आरएसएस का शिविर लगता था। मैंने वहीं जाना शुरू कर दिया।
नहीं होना चाहिए टिकट के लिए झगड़ा
जनता पार्टी ने मुझे 1977 में टिकट दिया लेकिन मैंने इंकार कर दिया। फिर मुझे 1980 में टिकट दिया गया, तब मैं चुनाव लड़ा। कहा कि पार्टी खुद ही बहुत कुछ देती है, इसलिए टिकट के लिए झगड़ा नहीं होना चाहिए।
बताया कि जब में आरएसएस में था तो दो वरिष्ठ नेता आपस में लड़ते रहते थे, पर फायदा हमेशा तीसरे को मिलता था। इसलिए आपस में झगड़ने के बजाय पार्टी को मजबूत बनाना चाहिए।
इस अवसर पर हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, पूर्व विधायक मुन्ना सिंह चौहान, विधायक मालचंद व हरबंस कपूर, प्रदेश कार्यालय प्रभारी ऊर्बादत्त भट्ट, मधु चौहान, ज्ञान सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।