एक 13 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। किशोरी जब सात माह की गर्भवती हुई तब इस बात का खुलासा हुआ। दुष्कर्म का आरोप उसके रिश्ते के भाई पर ही है। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घटना डालनवाला थाना क्षेत्र की है। एक महिला ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी को रविवार को पेट में दर्द हुआ था। इस पर वह उसे अस्पताल ले गई। जांच के दौरान पता चला कि उनकी बेटी तो सात माह की गर्भवती है। इसके बारे में जब किशोरी से पूछा गया तो इसका आरोप उसने अपनी बुआ के बेटे पर लगाया। किशोरी ने कहा कि वह लंबे समय से उसके साथ गलत काम करता आ रहा है। बीच में जब उसे तकलीफ हुई तो उसने युवक से कहा, लेकिन उसने मां-बाप को जान से मारने की धमकी दी। इस बात को लेकर किशोरी डर गई। इंस्पेक्टर डालनवाला एनके भट्ट ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वह मूल रूप से बिजनौर का रहने वाला है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।