उत्तराखंड में उच्च शिक्षा में शिक्षकों की कमी दूर होने लगी है। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से संविदा प्रवक्ता भर्ती अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। अब तक 710 रिक्त पदों में से 450 पद पर संविदा प्रवक्ता भर्ती किए जा चुके हैं।
श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. उदय सिंह रावत की अध्यक्षता में बनी कमेटी हल्द्वानी उच्च शिक्षा निदेशालय में भर्ती के लिए इंटरव्यू आयोजित करा रही है। डॉ. रावत ने बताया कि कुल 710 रिक्त पदों के सापेक्ष अब तक 450 संविदा प्रवक्ताओं की भर्ती की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि अब तक साइंस, कॉमर्स, अंग्रेजी, हिंदी, ज्योग्राफी, इकोनॉमिक्स विषयों के पद पूरे भरे जा चुके हैं। संस्कृत की रिक्तियां बुधवार को पूरी भर दी जाएंगी। आगामी तीन दिन के भीतर सभी पदों पर शिक्षकों की भर्ती करने का लक्ष्य है, ताकि समय रहते सभी चयनित शिक्षक संबंधित कॉलेजों में पढ़ा सकें।