पत्नी से नाराज होकर घर से निकले एक अध्यापक की लाश शनिवार को उनकी कार की ड्राइविंग सीट पर मिली। शुरुआती जांच के बाद पुलिस का अनुमान है कि मौत हार्ट अटैक के चलते हुई। फिलहाल, पुलिस मौत के अन्य कारणों को भी नजरअंदाज नही कर रही है। पुलिस का मानना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होते ही, आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस के अनुसार मौत का शिकार हुए किशोर सिंह चौहान, आराघर क्षेत्र के रहने वाले और देवप्रयाग के एक इंटर कॉलेज में अध्यापक थे। उनकी पत्नी स्नेहलता टिहरी में एक सरकारी स्कूल में गणित की अध्यापिका हैं। उनके दो बेटे शौर्य और सार्थक यहां सेंट थॉमस स्कूल में तीसरी और आठवीं कक्षा के छात्र हैं। पति-पत्नी इन दिनों छुट्टियों में अपने बेटों के पास थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम किशोर का पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद किशोर अपनी कार लेकर घर से निकल गए।
देर रात तक जब किशोर घर नहीं लौटे तो परिजनों ने फोन लगाया, लेकिन फोन ऑफ मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर रायपुर हेमेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि इसके बाद पुलिस टीम को किशोर की तलाश में लगाया गया था, लेकिन देर रात तक कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह करीब नौ बजे रिंग रोड पर खड़ी एक कार में एक व्यक्ति के बेहोश पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो व्यक्ति की शिनाख्त किशोर सिंह चौहान के रूप में हुई। आनन-फानन किशोर को दून अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
तो कोई और भी था साथ में...
पुलिस को किशोर की कार से शराब की एक बोतल का कवर और खाने-पीने की अन्य चीजें भी मिली हैं। ऐसे में पुलिस उनके साथ किसी अन्य की मौजूदगी की भी जांच कर रही है। हालांकि कार में बोतल और गिलास नहीं मिले। वहीं किशोर की जेब या कार के ग्लोव बॉक्स से पर्स नहीं मिला है। ऐसे में पर्स नहीं होने की दशा में ये सब चीजें खरीदने पर भी सवाल उठ रहा है। वहीं इंस्पेक्टर नेगी के अनुसार कार रातभर रिंग रोड पर खड़ी रही। ऐसे में पर्स चोरी होने की भी आशंका है।