गंगा की रक्षा के लिए 53 दिन से आमरण अनशन कर रहे स्वामी ज्ञानस्वरूप सानंद उर्फ जीडी अग्रवाल की हालात बिगड़ने पर प्रशासन ने उन्हें ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती करा दिया है। सोमवार को सामान्य मेडिकल चेकअप के बाद चिकित्सकों की सलाह पर स्वामी सानंद ने अस्पताल में भर्ती होने पर सहमति जताई।
सोमवार को स्वामी ज्ञानस्वरूप सानंद के अनशन को 53 वां दिन था। सुबह जिला अस्पताल के चिकित्सकों की टीम सानंद के स्वास्थ्य की जांच करने मातृसदन पहुंची। स्वामी सानंद ने एसिडिटी होने के कारण पानी पीने में समस्या होने की बात कही। डाक्टरों ने जांच के बाद स्वामी सानंद को अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी।
स्वामी सानंद ने हामी भरी और दोपहर ढाई बजे सिटी मजिस्ट्रेट मनीष कुमार सिंह के नेतृत्व में सीओ सिटी प्रकाश देवली, एसओ कनखल ओमकांत भूषण और चिकित्सकों की टीम एंबुलेंस के साथ मातृसदन पहुंची। इसके बाद स्वामी सानंद को उपचार के लिए ऋषिकेश स्थित एम्स भेज दिया गया है। सिटी मजिस्ट्रेट मनीष कुमार सिंह ने बताया कि स्वामी सानंद को अनशन पर बैठे हुए काफी दिन हो गए थे। चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें एम्स में भर्ती करा दिया गया है।
होश रहने तक जारी रहेगा अनशन
स्वामी ज्ञानस्वरूप सानंद ने कहा अस्पताल में भर्ती होने का मतलब अनशन समाप्त होना नहीं है। औषधीय उपचार के लिए वह तैयार हैं लेकिन औषधी का मतलब डिप चढ़ाना नहीं होना चाहिए। होश रहने तक उनका अनशन जारी रहेगा।
22 जून को बैठे थे अनशन पर
गंगा के लिए एक्ट बनाने के लिए स्वामी ज्ञानस्वरूप सानंद ने 13 जून को चार सूत्री मांगों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा था। प्रधानमंत्री की तरफ से पत्र का कोई जवाब न आने पर 22 जून से वह आमरण अनशन पर बैठ गए। इससे पहले उन्हें जबरन अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद वापस मातृसदन लाया गया था। केंद्रीय मंत्री उमा भारती भी उनसे मिलने मातृसदन पहुंची थी और आमरण अनशन खत्म करने का आग्रह किया था। स्वामी सानंद ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने तक आमरण अनशन खत्म करने से इनकार कर दिया था।