पिथौरागढ़ के देवलथल पहुंची टूटी-फूटी मराठी बोल रही एक महिला को देखकर लोगों ने संभावना जताई है कि वह भी कहीं केदारनाथ से भटकी श्रद्धालु तो नहीं है। इस बात का इससे भी बल मिलता है क्योंकि देवलथल से सड़क थल, चौकोड़ी होते हुए बागेश्वर मिलती है और बागेश्वर से ग्वालदम।
ग्वालदम चमोली जिले से सटा है और चमोली जिले में ही केदारनाथ धाम है। चूंकि ग्वालदम से पिथौरागढ़ के लिए नियमित केमू की बसें चलती हैं। ऐसे में संभव है कि महिला चमोली की तरफ से ग्वालदम होते हुए किसी बस में यहां देवलथल पहुंची होगी। देवलथल पिथौरागढ़ से 30 किमी दूर है।
बृहस्पतिवार को देवलथल पहुंची इस महिला की उम्र 45-50 वर्ष के बीच बताई जा रही है। यह महिला देवलथल में अनिल पांडे की दुकान के आगे बैठ गई। जब लोगों ने उससे उसके बारे में पूछा तो वह कुछ नहीं बता पाई।