हरिद्वार के रायपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री के अंदर 35 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। फैक्ट्री के मालिक का कहना है कि युवक उससे मिलने आया था, जबकि परिजन उसे फैक्ट्री का कर्मचारी बता रहे है।
परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फैक्ट्री के अंदर हुई मौत
रायपुर औद्योगिक क्षेत्र में निकिल पॉलिश बनाने की फैक्ट्री है। बुधवार सुबह फैक्ट्री के अंदर नीलकांत (35) पुत्र रामपाल निवासी सिसौली जिला मुजफ्फरनगर की मौत हो गई। युवक की संदिग्ध हालात में मौत से मौके पर हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही युवक के परिजन फैक्ट्री में पहुंच गए। परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
कहां करता था काम, बना रहस्य
परिजनों का कहना था कि युवक फैक्ट्री का कर्मचारी था लेकिन फैक्ट्री के मालिक ने परिजनों को बताया कि नीलकांत सुबह ही उनसे मिलने आया था। वह काफी अवसाद में दिख रहा था। अचानक ही उसकी मौत हो गई।
परिजनों का कहना था कि नीलकांत करीब छह सात दिन पहले घर से निकला था। वहीं इस बाबत थानाध्यक्ष गिरीश चंद शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की सच्चाई सामने आएगी।