देहरादून में कुल 20 ‘सुपर रिच’ हैं। ये वह करोड़पति हैं, जो बढ़ा हुआ सरचार्ज भुगतेंगे।
दरअसल, हाल ही में आए आम बजट के प्रावधानों के तहत एक करोड़ से अधिक आय वाले लोगों के लिए सरचार्ज की दर में दो प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। यह दर 10 प्रतिशत थी, जिसकी जगह अब 12 प्रतिशत चुकाना होगा।
आयकर विभाग के सूत्रों के मुताबिक दून में ऐसे लोगों की संख्या कुल 20 है। इसी 28 फरवरी को घोषित हुए आम बजट के आयकर प्रावधानों के तहत 30 लाख रुपए वार्षिक से अधिक शुद्ध आय वाले लोगों पर लगाए जा रहे एक प्रतिशत वेल्थ टैक्स को पूरी तरह खत्म कर दिया गया।
इसके स्थान पर एक करोड़ रुपए वार्षिक या इससे अधिक आय वाले लोगों को ‘सुपर रिच’ की श्रेणी में रखते हुए उनसे सरचार्ज के रूप में बढ़ी दर वसूलने का फैसला लिया गया। जो इसी एक अप्रैल से लागू हो गया है।
हल्द्वानी में बस एक ऐसा व्यक्ति
आयकर विभाग के सूत्रों की मानें तो हल्द्वानी (कुमाऊं मंडल) में केवल एक ही ऐसा व्यक्ति है, जो एक करोड़ रुपए वार्षिक से अधिक आय वाले इस प्रावधान के दायरे में आता है।