भीमताल के पदमपुरी-चांफी रोड में बुधवार दोपहर बाद टाटा सूमो के खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। टाटा सूमो (यूके 04 टीए-4358) बुधवार शाम पतलोट से हल्द्वानी आ रही थी।
शाम करीब 4:30 बजे पदमपुरी-चांफी रोड में सैम देवता मंदिर के पास सूमो करीब 200 मीटर खाई में जा गिरी। घायलों की चीख पुकार सुन सड़क से गुजर रहे अन्य वाहनों में सवार लोगों ने मौके पर पहुंचकर तहसील प्रशासन को दुर्घटना की जानकारी दी। सूचना पर धारी के एसडीएम राकेश तिवारी, तहसीलदार नवाजिश खलिक और पट्टी पटवारी गंगा दत्त पलड़िया राजस्व कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे।
राजस्व पुलिस ने ग्रामीणों और यात्रियों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकालकर एसडीएम और तहसीलदार के वाहनों से सीएचसी भीमताल पहुंचाया।
मृतकों और घायलों के बारे में पूरी जानकारी
एक्सीडेंट
- फोटो : AmarUjala
यहां डॉक्टरों ने सूमो चालक सुरेश पनेरू (35) पुत्र धनदेव पनेरू निवासी पदमपुर बसानीधूरा (ओखलकांडा) और वीरेंद्र सिंह कंडवाल (40) पुत्र कुंदन सिंह निवासी ग्राम कनखुल, पट्टी कपीटी (चमोली) को मृत घोषित कर दिया। वीरेंद्र सिंह ओखलकांडा ब्लॉक के पदमपुर मिडार स्थित राउमावि में शिक्षक थे। उनका परिवार यहां तल्लीताल (भीमताल) में किराए पर रहता है।
इसके अलावा, हादसे में प्रधान पति प्रेम सिंह (36) पुत्र संतोष सिंह निवासी सुवाकोट ओखलकांडा, ओखलकांडा ब्लॉक के पैटना में कार्यरत शिक्षक देवेंद्र रौतेला (40) पुत्र मान सिंह निवासी पीलीकोठी हल्द्वानी, धान सिंह (60) पुत्र कुशल सिंह निवासी सुवाकोट पोखरी, ओखलकांडा ब्लॉक के सुवाकोट में कार्यरत शिक्षक हरीश खत्री (45), विकास चौहान (40) निवासी अधौड़ा ओखलकांडा और सतीश बधानी (46) निवासी सुवाकोट गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी में प्राथमिक इलाज के बाद हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया।