फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हल्द्वानी एमबीपीजी कॉलेज में बवाल, छत पर चढ़े छात्र, दफ्तरों पर डाले ताले, विभागों को बंद कराया

Sat, 10 Aug 2019 10:17 AM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हल्द्वानी
विज्ञापन
छत पर चढ़े छात्र - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

सभी छात्रों को दाखिला देने की मांग को लेकर एमबीपीजी कॉलेज में शुक्रवार को जमकर बवाल हुआ। छात्रों ने प्राचार्य कक्ष के सामने धरना दिया तो कई आक्रोशित छात्र प्राचार्य कक्ष की छत पर चढ़ गए। इससे कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस बुलाने के बाद किसी तरह समझा-बुझाकर छात्रों को नीचे उतारा गया।

विज्ञापन


आंदोलित छात्रों ने नारेबाजी कर कॉलेज दफ्तर में ताले डालने के साथ ही सभी विषयों के विभागों को जबरन बंद करवा दिया। इससे पहले छात्रों ने महाविद्यालय के मुख्य गेट के सामने नारेबाजी कर सीटें नहीं बढ़ाने पर कुलपति का पुतला भी फूंका। आंदोलित छात्रों ने शनिवार से महाविद्यालय न खुलने देने का ऐलान किया।

एमबीपीजी कॉलेज में स्नातक प्रथम सेमेस्टर में सीटें बढ़ाने और 40 प्रतिशत से अधिक अंकों वाले सभी विद्यार्थियों को दाखिला देने की मांग को लेकर कई दिनों से छात्रों का आंदोलन चल रहा है। शुक्रवार दोपहर 12 बजे आंदोलित छात्रों ने पहले महाविद्यालय के मुख्य गेट पर कुलपति का पुतला फूंका, इसके बाद प्राचार्य कक्ष के सामने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
विज्ञापन


इस बीच 12-13 छात्रनेता प्राचार्य कक्ष की छत पर चढ़ गए। इस पर कॉलेज प्रशासन ने पुलिस बुला ली। प्रभारी प्राचार्य डॉ.विनय विद्यालंकार और पुलिस ने छात्रों को छत से उतारा। इसके बाद छात्रों ने महाविद्यालय परिसर में जुलूस निकालकर दफ्तर और सभी विषयों के विभागों को जबरन बंद करवा दिया

विज्ञापन

क्लास में मची भगदड़

हंगामे के समय अपराह्न करीब दो बजे बायोटैक विभाग में क्लासें चल रहीं थी। छात्रों की भीड़ जब वहां पहुंची तो बायोटैक की क्लासों में भगदड़ मच गई, छात्राएं किसी तरह क्लास से निकल पाईं। विभाग प्रभारी डॉ.बीके सिंह ने उग्र छात्रों को शांत किया। इसी तरह लाइब्रेरी, लेखा विभाग समेत सभी विषयों के विभागों को भी छात्रों ने जबरन बंद करवा दिया।
 
शिक्षाशास्त्र विभाग में प्रेक्टिकल रोका, नोकझोंक
आंदोलित छात्र हंगामा करते हुए जब शिक्षाशास्त्र विभाग को बंद कराने पहुंचे तो वहां प्रेक्टिकल चल रहा था तथा अल्मोड़ा कैंपस से प्रोफेसर आईं थीं। छात्र नेताओं ने प्रेक्टिकल रोक दिया और विद्यार्थियों को भगा दिया। इस पर विभागाध्यक्ष डॉ.शांति नयाल से उनकी नोकझोंक भी हो गई। छात्रों ने चेतावनी दी कि शनिवार को भी प्रेक्टिकल नहीं होने देंगे।

पुराने छात्रनेताओं ने संभाली कमान
एमबीपीजी कॉलेज में चल रहे आंदोलन की कमान अब पुराने छात्रनेताओं ने संभाल ली है। एबीवीपी के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कुलदीप कुल्याल और एनएसयूआई के छात्रनेता हर्षित जोशी छात्रों का नेतृत्व कर रहे थे। कुलदीप कुल्याल ने कहा कि जब तक सभी को प्रवेश देने की मांग पूरी नहीं होगी, महाविद्यालय नहीं खुलने दिया जाएगा।

उग्र छात्रों ने ज्ञापन देने से किया इनकार
प्राचार्य कक्ष की छत पर चढ़े छात्रों से पुलिस ने प्रभारी प्राचार्य को ज्ञापन देने की बात कही तो छात्रों ने इनकार दिया। कहा कि वह कई बार ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन उनका ज्ञापन कुमाऊं विवि जाता ही नहीं। इस पर प्रभारी प्राचार्य डॉ.विनय विद्यालंकार ने फाइल निकालकर छात्रों को दिखाया तब वे शांत हुए। छात्रनेता कमल भट्ट ने कहना था कि दाखिले की मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा। धरना-प्रदर्शन में छात्रसंघ सचिव गौरव सनवाल, एबीवीपी के छात्र नेता देवेंद्र सिंह बिष्ट, मनोज संभल, अभिषेक शर्मा, दीपक मेवाड़ी, सूरज सिंह रमोला, भुवन सिंह दानू, योगेश चिराग संभल, राकेश उप्रेती, गोविंद सिंह दानू, सुल्तान दरम्वाल आदि थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें