डीएवी पीजी कॉलेज में छात्रों ने लॉ विभाग में प्रवेश में भेदभाव का आरोप लगा तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। साथ ही छात्रसंघ चुनाव की मांग के लिए भी छात्रों ने कुछ देर के लिए सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। हालांकि थोड़ी देर बाद विभाग को खोल दिया गया और प्रवेश प्रक्रिया को फिर से शुरू किया गया।
सोमवार को लॉ विभाग में प्रवेश के लिए छात्र महाविद्यालय पहुंचे। इसी दौरान छात्रसंघ अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल कुछ छात्रों के साथ विभाग में पहुंचे और भेदभाव का आरोप लगा प्रदर्शन करने लगे। छात्रों ने आरोप लगाते हुए कहा, लॉ में कुछ ऐसे छात्रों का प्रवेश किया गया जिन्होंने पंजीकरण ही नहीं कराया। हालांकि बाद में महाविद्यालय प्रबंधन की ओर से इसकी जांच की गई और छात्रों को दस्तावेज दिखाए गए। इसके बाद छात्रों ने अपना प्रदर्शन खत्म किया। उधर छात्रसंघ चुनाव की मांग के लिए छात्रों ने थोड़ी देर के लिए महाविद्यालय का मुख्य गेट बंद कर प्रदर्शन किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. कौशल कुमार ने बताया, जांच में प्रवेश के दस्तावेज सही पाए गए तो छात्रों ने अपना प्रदर्शन खत्म किया। जबकि छात्रसंघ चुनाव के लिए भी छात्रों को समझाया गया कि अभी प्रवेश प्रक्रिया गतिमान है। प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद विवि को पत्र लिखा जाएगा।