राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव में विभिन्न पदों पर उम्मीदवारी कर रहे 36 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला शनिवार को हो जाएगा।
प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों ने अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंकी। अब देखना यह है कि मैदान में उतरे प्रत्याशियों को लेकर मतदाता क्या फैसला सुनाते हैं।
कालेज में मतदान शनिवार सुबह आठ बजे से शुरू होगा। इसके साथ ही शुक्रवार को प्रत्याशियों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी। छात्रसंघ के विभिन्न पदों पर इस बार 36 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जिसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए दो-दो प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला होना तय है। जबकि सहसचिव, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि और कार्यकारिणी के सदस्यों के बीच मुकाबला रोमांचक होने के आसार हैं।
सहसचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर क्रमश: तीन और चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं जबकि, कार्यकारिणी के सदस्यों के लिए 21 प्रत्याशियों ने ताल ठोकी है। लिहाजा कुल छह कार्यकारिणी सदस्यों के लिए प्रत्याशियों के बीच घमासान निश्चित है।
चुनाव व्यवस्थाएं
शनिवार को मतदान सुबह आठ बजे से शुरू होगा और दोपहर एक बजे तक चलेगा। इस दौरान कालेज परिसर के समीप हाईवे (हरिद्वार रोड) पर वाहनों और स्थानीय लोगों की आवाजाही पूर्णरूप से बंद रहेगी।
मुख्य चुनाव अधिकारी डा. एमपी नगवाल ने बताया कि मार्ग पर निगरानी के लिए कोयलघाटी और भरत विहार के समीप बैरिकेडिंग लगाने के साथ ही कंट्रोलरूम स्थापित किये गए हैं।
उन्होंने बताया कि मतदाता मुख्य गेट से कॉलेज में प्रवेश करेंगे, जबकि निकासी के लिए दो अलग-अलग गेट बनाए गए हैं। हरिद्वार और श्यामपुर की ओर जाने वाले विद्यार्थी मतदान के बाद शिक्षा संकाय विभाग के गेट से घरों को लौटेंगे। जबकि मुख्य बाजार, मुनिकीरेती और लक्ष्मणझूला जाने वाले छात्र-छात्रा मतदाता विज्ञान संकाय से बाहर जा सकेंगे।
फेसबुक पर अपनी राय देने के लिए यहां क्लिक करें