चुनाव प्रचार के दौरान भिड़े एबीवीपी-एनएसयूआई कार्यकर्ता
डीएवी पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के प्रचार के दौरान एबीवीपी और एनएसयूआई कार्यकर्ता भिड़ गए। पुलिस और कॉलेज प्रशासन ने बीचबचाव कर हालात संभाले। बृहस्पतिवार सुबह से ही एबीवीपी के कार्यकर्ता कैंपस में चुनाव प्रचार कर रहे थे। रैली के रूप में चारों ओर चक्कर लगा रहे थे। आठ पूर्व अध्यक्षों की एबीवीपी में वापसी के बाद से कार्यकर्ताओं में जोश चरम पर है। इस बीच एनएसयूआई कार्यकर्ता भी रैली के रूप में प्रचार करने लगे। सभी अपने-अपने प्रत्याशियों के लिए प्रचार सामग्री भी बांट रहे थे।
इसी बीच एबीवीपी-एनएसयूआई कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों ने एक-दूसरे के ऊपर प्रचार सामग्री उछाल दी। देखते ही देखते बात हाथापाई तक पहुंच गई। दोनों गुटों के बीच मामूली मारपीट हुई लेकिन कैंपस में तैनात पुलिस और कॉलेज प्रशासन ने मामला संभाल लिया। इसके बाद पुलिस ने कैंपस खाली करा दिया। अब कॉलेज प्रशासन नियमानुसार प्रचार की अनुमति देगा ताकि टकराव न हो।
दयाल बिष्ट एबीवीपी के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी
डीएवी पीजी कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी ने दयाल बिष्ट को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया है। वहीं, एसजीआरआर कॉलेज में पार्थ जुयाल को मैदान में उतारा है। बृहस्पतिवार को एबीवीपी के प्रांत कार्यालय में संगठन पदाधिकारियों की बैठक में विभिन्न कॉलेजों में दावेदारों के नामों पर चर्चा की गई। देर शाम डीएवी पीजी कॉलेज में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के लिए दयाल सिंह बिष्ट के नाम पर मुहर लग गई। एबीवीपी के महानगर मंत्री अभिजीत सिंह ने उनके नाम की घोषणा की। दयाल हाल ही में एबीवीपी में घर वापसी करने वाले आठ पूर्व छात्रसंघ अध्यक्षों के साथ ही संगठन में वापसी करने वालों में शामिल हैं।
माना जा रहा है कि दयाल के नाम के चयन में बागी गुट और एबीवीपी पदाधिकारियों के बीच पहले से ही समझौता हो गया था। वहीं, एबीवीपी ने एसजीआरआर पीजी कॉलेज के लिए पार्थ जुयाल को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित किया है। उपाध्यक्ष पद पर आशीष सिंह और महासचिव पद पर नितिन चौहान, सहसचिव पद पर मनजीत सिंह, कोषाध्यक्ष पद पर ईरम फातिमा, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर बलवीर कुंवर को प्रत्याशी घोषित किया गया।