देहरादून। ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने प्रदेशभर के करीब डेढ़ लाख छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन नशे के दुष्प्रभावों और इससे बचाव की जानकारी दी। राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को एक साथ ऑनलाइन जोड़कर नशे से दूर रहने और शिक्षा, खेलकूद व रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में सीओ एएनटीएफ परवेज अली और एसआई कमाल हसन ने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और शैक्षिक नुकसान की जानकारी दी। अधिकारियों ने सही संगति, परिवार और शिक्षकों के मार्गदर्शन को नशे से बचाव में महत्वपूर्ण बताया। इस दौरान विद्यार्थियों ने नशे और उससे बचाव से जुड़े कई सवाल पूछे। अधिकारियों ने उनके सवालों का सरल और तथ्यात्मक तरीके से जवाब दिया। विद्यार्थियों को नशे के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना देने के लिए भी जागरूक किया गया। एसटीएफ ने अभिभावकों और शिक्षकों से भी नशे के खिलाफ अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने के साथ किसी लालच में नशा तस्करी जैसे अपराध में शामिल न होने का आह्वान किया गया।