शिवानंद गेट के पास एक तेज रफ्तार बाइक सवार खंभे से टकरा गया। पुलिस ने आनन फानन में बाइक सवार को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों से उसको मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार तपोवन स्थित एक होटल में काम करता था।
मुनिकीरेती थाना निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि एक बाइक सवार तेज रफ्तार में तपोवन से ऋषिकेश की ओर आ रहा था। शिवानंद गेट के पास बाइक एक बिजली के खंभे से टकरा गई। इस दौरान बाइक सवार व्यक्ति के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि उसने हेलमेट पहन रखा था। सूचना पर कैलास गेट चौकी प्रभारी योगेश पांडे टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बिना देर किए घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से एसपीएस राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। थाना निरीक्षक ने बताया कि मृतक के पर्स में मिले आधार कार्ड, डीएल और पहचान पत्र से उसकी पहचान गंगाराम (47) पुत्र द्रव लाल निवासी भट्टों वाला, गुमानीवाला, कोतवाली ऋषिकेश, जिला देहरादून के रूप में हुई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया गया है।