हरिद्वार में हुई धर्म संसद में संप्रदाय विशेष के खिलाफ हेट स्पीच मामले की जांच विशेष जांच दल करेगा। डीआईजी गढ़वाल ने एसपी देहात देहरादून की अध्यक्षता में विशेष जांच दल गठित कर दिया है। डीआईजी केएस नग्याल ने कहा कि दल को मामले की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
बता दें कि हरिद्वार के खड़खड़ी स्थित वेद निकेतन में 17 से 19 दिसंबर तक धर्म संसद आयोजित की गई थी। आरोप है कि धर्म संसद में संतों ने एक समुदाय विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कहीं। धर्मसंसद की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ज्वालापुर निवासी गुलबहार कुरैशी ने इस मामले में पुलिस को तहरीर दी थी। इस पर पुलिस ने वसीम रिजवी उर्फ जितेंद्र नारायण त्यागी के खिलाफ धार्मिक उन्माद फैलाने का मुकदमा दर्ज किया था।
मामले में मुकदमा दर्ज कराने वालों पक्ष के लोगों का आरोप था कि मामले में हरिद्वार पुलिस निष्पक्ष जांच और कार्रवाई नहीं कर रही है। डीआईजी गढ़वाल ने मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल का गठन किया है। पांच सदस्यीय यह जांच दल एसपी देहात देहरादून कमलेश उपाध्यक्ष की अध्यक्षता में जांच करेगा। इसमें हरिद्वार पुलिस का एक एएसपी रैंक का अधिकारी, एक इंस्पेक्टर और दो एसआई को शामिल किया गया है। डीआईजी गढ़वाल केएस नगन्याल ने कहा कि विशेष जांच दल को मामले की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। कहा कि जांच में जो भी दोषी पाएगा जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बताया कि इसके लिए आदेश जारी कर दिए गए हैं।