इस घटना को लेकर क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं थी, लेकिन कोई भी खुलकर बोलने को तैयार नहीं था। इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिलने से पुलिस की ओर से भी कार्रवाई नहीं की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार को धारचूला से पुलिस क्षेत्राधिकारी विमल आचार्य भी सुरिंग गांव पहुंचे। इस दौरान घटना को लेकर दहशत छाई रही। देर शाम मृतका के बड़े पुत्र कमलेश सिंह ने ग्रामीणों के साथ मुनस्यारी थाने पहुंचकर अपने छोटे भाई 27 वर्षीय मनोहर सिंह मतोलिया के खिलाफ मां की हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर सौंपी।
इसके बाद सीओ की मौजूदगी में मनोहर सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। रिपोर्ट दर्ज होते ही मुनस्यारी के तहसीलदार डॉ.ललित मोहन तिवारी के नेतृत्व में थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार, एसआई अरुण राणा सहित अन्य पुलिस कर्मियों की एक टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सुरिंग गांव रवाना हुई, जहां देर शाम टीम आरोपी को गिरफ्तार कर मुनस्यारी ले आई।
जानकारी के अनुसार आरोपी मनोहर सिंह मानसिक रूप से कमजोर है। पुलिस के अनुसार आरोपी युवक का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।