सोमवार रात को सामने से मौत आते देख एक सिपाही की चीख निकल गई, इसके बाद उनके साथ जो हुआ उन्होंने खुद बताया। आपबीती सुनकर आप भी सिहर जाएंगे।
अनाड़ी ट्रक ड्राइवर ने सोमवार रात गौलापार खेड़ा तिराहा स्थित पुलिस बूथ को टक्कर मारकर उड़ा दिया। बूथ में तैनात सिपाहियों ने किसी तरह भागकर जान बचाई।
हादसे में घायल सिपाही किसी तरह अस्पताल पहुंचा तो वह कांप रहा था। उसने कहा कि उसने मौत का दर्शन किया है। यदि एक सेकेंड भी गंवाता तो जान जा सकती थी। वह मौत के मुंह से बाहर आए हैं। तत्काल पीछे हटने से उसकी जान बच गई।
इस दौरान सिपाही की रायफल टूट गई और बुलेट मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। घायल सिपाहियों ने पीछा कर ट्रक ड्राइवर को पकड़ लिया। पता चला कि ट्रक को हेल्पर चला रहा था।
पुलिस बूथ में दो सिपाही देवेंद्र पवार और चंदन सिंह नेगी सोमवार की रात करीब साढ़े दस बजे ड्यूटी पर थे। अचानक काठगोदाम की ओर से तेज रफ्तार ट्रक आया और बूथ पर टक्कर मार दी। इससे घबराए दोनों सिपाही किसी तरह रायफल छोड़कर पीछे की ओर भागे।